नेहरू नगर चौक पर रात 11:30 बजे वारदात; चिचोला जाने के लिए रोक रहा था वाहन, बहस के बाद आरोपी फरार, CCTV से तलाश
भिलाई के नेहरू नगर चौक पर शनिवार देर रात लिफ्ट मांगने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चिचोला जाने के लिए वाहन रोक रहे 26 वर्षीय शिव कुमार सिंह की स्कूटी सवार युवकों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने चाकू से उसकी जांघ के ऊपरी हिस्से में वार कर दिया। ज्यादा खून बहने से हालत गंभीर हो गई और रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दुर्ग-भिलाई। कैंप-1 निवासी शिव कुमार सिंह शनिवार रात अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। उसे चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। आगे जाने के लिए उसने सड़क पर एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने की कोशिश की, लेकिन ट्रक चालक नहीं रुका।
इसके बाद शिव कुमार ने पास से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू निकालकर शिव कुमार की बाईं जांघ के ऊपर सामने की ओर वार कर दिया।
खून अधिक बहा, अस्पताल में तोड़ा दम
चाकू लगते ही शिव कुमार सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस पहुंची और घायल को हाईटेक अस्पताल ले गई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में बदलते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
दो स्कूटी में पहुंचे थे आरोपी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दो स्कूटियों पर सवार थे। इनमें चार युवक और एक युवती के होने की जानकारी मिली है। वारदात के बाद सभी नेहरू नगर चौक के ब्रिज के नीचे से अंडरब्रिज की तरफ गए और वहां से टाउनशिप की ओर निकल गए।
दोस्त भी नहीं देख सका वाहन नंबर
घटना के समय शिव कुमार का दोस्त शिशांत भी उसके साथ था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि हमला अचानक हुआ और पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वह स्कूटी का नंबर नोट नहीं कर सका।
पुलिस अब नेहरू नगर चौक, ब्रिज के नीचे और अंडरब्रिज के आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
लिफ्ट मांगने की बात से शुरू हुई बहस
पुलिस के मुताबिक अब तक की जांच में विवाद की शुरुआत लिफ्ट के लिए स्कूटी रोकने को लेकर होने की बात सामने आई है। कुछ मिनट की कहासुनी के बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।