लंबित मामलों में मारपीट, चाकूबाजी, हथियार और आबकारी एक्ट के आरोपी शामिल; दुर्ग थाना क्षेत्र से सबसे ज्यादा 23 वारंट तामील
लंबे समय से लंबित न्यायालयीन वारंटों की तामिली के लिए दुर्ग पुलिस ने शनिवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने वारंटियों के घर और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर एक ही दिन में 101 लोगों को पकड़ा। सभी को संबंधित न्यायालयों में पेश किया गया, जहां से आदेश के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
दुर्ग-भिलाई। न्यायालय से जारी वारंटों की तामिली में तेजी लाने के लिए दुर्ग पुलिस ने शनिवार को एक साथ कई इलाकों में कार्रवाई की। अपराध शाखा के साथ थाना और चौकी स्तर की टीमों ने पुराने रिकॉर्ड खंगालकर वारंटियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने उनके पुराने पते, घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
अभियान के दौरान जिले में कुल 101 लंबित वारंट तामील किए गए। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को संबंधित कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
दुर्ग थाना सबसे आगे
एक दिन की कार्रवाई में दुर्ग थाना क्षेत्र से सबसे अधिक 23 वारंट तामील किए गए। छावनी थाना क्षेत्र में 15 और मोहन नगर में 10 वारंट तामील हुए। इन तीनों क्षेत्रों में ही 48 वारंटियों पर कार्रवाई की गई।
पुराने मामलों में जारी थे वारंट
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लोगों के खिलाफ अलग-अलग आपराधिक मामलों में न्यायालयीन वारंट लंबित थे। इनमें मारपीट, चाकूबाजी, अवैध हथियार रखने, शराब से जुड़े मामले, चेक बाउंस और अन्य अपराधों के प्रकरण शामिल हैं।
वारंट जारी होने के बाद कई आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर थे। अभियान के दौरान पुलिस ने पुराने दस्तावेजों में दर्ज पतों का सत्यापन किया और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर उनके संभावित ठिकानों तक पहुंच बनाई।
इस तरह अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
दुर्ग- 23
छावनी- 15
मोहन नगर- 10
खुर्सीपार- 9
भिलाई भट्टी- 6
पुरानी भिलाई- 6
नेवई- 6
पद्मनाभपुर- 4
सुपेला- 4
स्मृति नगर चौकी- 4
उतई- 4
कुम्हारी- 3
भिलाई नगर- 3
जामुल- 3
नंदिनी नगर- 2
वैशाली नगर- 1
पुलिस का कहना है कि लंबित वारंटों की तामिली के लिए आगे भी अभियान जारी रखा जाएगा।