नालियों का गंदा पानी घरों तक पहुंचा, कई हिस्सों में जलभराव; मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बीमारी का डर
रायपुर। सेजबहार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी फेस-1 में बारिश के बाद जलभराव ने रहवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कॉलोनी के कई हिस्सों में पानी जमा होने के साथ नाले का गंदा पानी घरों में घुस रहा है। जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने और नालियों में कचरा जमा रहने के कारण बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है।
कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूबी होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों के आसपास लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से रहवासियों को मच्छरों के बढ़ते प्रकोप की चिंता सता रही है। लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण संक्रमण और मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
नालियों में कचरा, बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक कॉलोनी की नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से पानी की निकासी बाधित है। नालियों में गंदगी और कचरा जमा होने के कारण बारिश का पानी तेजी से बाहर नहीं निकल पाता और कॉलोनी के भीतर ही फैल जाता है।
रहवासियों का कहना है कि जलभराव की समस्या हर साल बारिश के दौरान सामने आती है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक ऐसी व्यवस्था नहीं बन पाई है, जिससे बारिश का पानी आसानी से बाहर निकल सके।
रहवासियों की मांग- स्थायी समाधान हो
कॉलोनीवासियों का कहना है कि केवल जमा पानी को पंप के जरिए हटाने से समस्या खत्म नहीं होगी। नालियों की नियमित सफाई, कचरे की निकासी और बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था पर स्थायी रूप से काम करना जरूरी है।
लोगों ने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों से कॉलोनी का निरीक्षण कर प्रभावित हिस्सों की तत्काल सफाई कराने और जमा पानी की निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में जलभराव न हो, इसके लिए स्थायी समाधान तैयार करने की अपील की है।