अश्वनी नगर में आधी रात मामूली विवाद के बाद वारदात; दो हमलावरों ने पीछा कर किया हमला, CCTV फुटेज से तलाश
रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने सोमवार देर रात खूनी रूप ले लिया। अश्वनी नगर में दो युवकों ने 22 वर्षीय अहमद खान का पीछा किया और उसकी स्कूटी नाली में गिरने के बाद उसे घेरकर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। गंभीर हालत में एम्स ले जाए गए अहमद की इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
डंगनिया निवासी अहमद खान रात करीब 12.30 बजे अश्वनी नगर की एक गली से गुजर रहा था। गौसिया मस्जिद के पास किसी बात को लेकर उसकी दो युवकों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अहमद स्कूटी से वहां से निकलने लगा, लेकिन पीछे से दोनों युवक उसका पीछा करने लगे।
नाली में गिरी स्कूटी, जमीन पर गिरते ही हमला
भागने के दौरान अहमद की स्कूटी सड़क किनारे नाली में जा गिरी। वह भी सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछा कर रहे दोनों युवकों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने अहमद पर कई वार किए और उसे खून से लथपथ छोड़कर फरार हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एम्स अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
युवक की हत्या की सूचना मिलते ही DCP, ADCP और ACP समेत क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने वारदात वाले इलाके और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटानी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर भी संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में विवाद की बात सामने आई है, लेकिन हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। दोनों संदिग्धों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।
कन्हैया अग्रवाल ने उठाए पुलिसिंग पर सवाल
घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी में लगातार हत्या, चाकूबाजी, सट्टा, जुआ और अवैध शराब व गांजा कारोबार की शिकायतें सामने आ रही हैं।
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि अपराधियों में कानून का डर कम हुआ है और आम नागरिक व व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध कारोबार और अपराधियों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस जनता की सुरक्षा और शहर की शांति के लिए आंदोलन करेगी।