उड़ान भरने के 14 मिनट बाद विमान ने बदला रास्ता; मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग
गोवा (ए)। गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी खराबी के कारण वापस लौटना पड़ा। फ्लाइट 6E 2102 के एक इंजन में समस्या की सूचना मिलने के बाद पायलट ने विमान को गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वापस लाने का फैसला किया। करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे विमान ने सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।
फ्लाइट ने सुबह 9:16 बजे मोपा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। करीब 14 मिनट बाद 9:30 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा दी गई। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, वापस गोवा की ओर मुड़ते समय विमान करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर था।
यात्रियों की संख्या और खराबी की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल विमान में कितने यात्री और क्रू सदस्य सवार थे, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इंजन में किस तरह की तकनीकी समस्या आई और उसका कारण क्या था, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना के संबंध में एयरलाइन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान को किसी बड़े हादसे से पहले ही सुरक्षित वापस एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।