जिम्बाब्वे-साउथ अफ्रीका दौरे के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित; मार्श-हेड की वापसी, कमिंस और स्टार्क भी जुड़ेंगे
मेलबर्न (ए)। खराब फॉर्म का खामियाजा मार्नस लाबुशेन को भुगतना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली छह वनडे मैचों की सीरीज के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें लाबुशेन को जगह नहीं मिली। वहीं युवा ऑलराउंडर जोएल डेविस को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है। मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड की भी टीम में वापसी हुई है।
लाबुशेन पिछले कुछ समय से वनडे क्रिकेट में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। उन्होंने पिछली 18 वनडे पारियों में 21.87 की औसत से रन बनाए हैं। इसके बावजूद 2023 विश्व कप फाइनल में भारत के खिलाफ उनकी नाबाद अर्धशतकीय पारी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की यादगार पारियों में शामिल है। उनके प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने इस बार युवा खिलाड़ियों को मौका देने का फैसला किया है।
डेविस को पहली बार वनडे टीम में जगह
न्यू साउथ वेल्स के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले जोएल डेविस को पहली बार ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने जून में बांग्लादेश के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। ओली पीक और कूपर कोनोली को भी टीम में बरकरार रखा गया है।
जिम्बाब्वे में मार्श संभालेंगे कप्तानी
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन वनडे में मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगे। नियमित कप्तान पैट कमिंस दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में टीम से जुड़ेंगे। हालांकि कमिंस के सभी मुकाबले खेलने की संभावना नहीं है, ऐसे में जरूरत पड़ने पर मार्श फिर कप्तानी कर सकते हैं।
मिचेल स्टार्क भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से वापसी करेंगे। जोश हेजलवुड दोनों सीरीज के लिए टीम का हिस्सा हैं। स्पेंसर जॉनसन एक साल से अधिक समय बाद वनडे टीम में लौटे हैं, जबकि बिली स्टेनलेक को भी तेज गेंदबाजी आक्रमण में शामिल किया गया है।
15 सितंबर से जिम्बाब्वे दौरा
ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 15 सितंबर को हरारे में होगा। इसके बाद 18 और 20 सितंबर को दो मैच खेले जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे 24, 27 और 30 सितंबर को डरबन, जोहान्सबर्ग और पोटचेफस्ट्रूम में होंगे।
इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी, जिसका पहला मुकाबला 9 अक्टूबर से डरबन में शुरू होगा।