जैतुसाव मठ में 11 क्विंटल मालपुए का भोग, राधाकृष्ण मंदिर में 101 लीटर दूध से अभिषेक; इस्कॉन में तीन दिन चलेगा उत्सव
रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर शुक्रवार को राजधानी समेत पूरे छत्तीसगढ़ में आस्था का रंग दिखाई दे रहा है। मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की गई है और सुबह से पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और झांकी दर्शन का दौर शुरू हो गया है। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ मंदिरों में आरती और विशेष पूजा होगी। राजधानी के प्रमुख मंदिरों में जन्माष्टमी को लेकर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुरानी बस्ती के जैतुसाव मठ में ठाकुरजी के लिए 11 क्विंटल मालपुए और एक क्विंटल पंजीरी का भोग तैयार किया गया है। वहीं समता कॉलोनी के राधाकृष्ण मंदिर में 101 लीटर दूध से भगवान का अभिषेक किया गया।
जैतुसाव मठ में स्वर्ण श्रृंगार और विशेष भोग
पुरानी बस्ती स्थित श्री जैतुसाव मठ में जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शाम 4 बजे से भजन संध्या होगी। जन्माष्टमी पर ठाकुरजी का विशेष स्वर्ण श्रृंगार किया जाएगा। मध्यरात्रि में मंत्रोच्चार के साथ भगवान का जन्मोत्सव और आरती होगी। भगवान को 11 क्विंटल मालपुआ और एक क्विंटल पंजीरी का भोग अर्पित किया जाएगा। 5 सितंबर की शाम 5 बजे से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
दूधाधारी मठ में 7 सितंबर तक उत्सव
दूधाधारी मठ और उससे जुड़े मठ-मंदिरों में जन्माष्टमी का आयोजन 7 सितंबर तक चलेगा। सुबह से भजन-कीर्तन शुरू हो गए हैं। रात 12 बजे कृष्ण जन्मोत्सव की आरती होगी। एकादशी के दिन 7 सितंबर की रात 12 बजे आयोजन का समापन किया जाएगा।
राधाकृष्ण मंदिर में 101 लीटर दूध से अभिषेक
समता कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में सुबह 7 बजे भगवान श्रीकृष्ण का 101 लीटर दूध से अभिषेक किया गया। मंदिर और भगवान की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार कोलकाता से आए कारीगरों ने किया है। सुबह 9 बजे से श्रद्धालुओं के लिए झांकी दर्शन शुरू हो गए। रात 8 बजे से भजन और अन्य भक्तिमय कार्यक्रम होंगे। मध्यरात्रि में जन्मोत्सव के बाद महाआरती होगी। 5 सितंबर को राणी सती दादी का मंगल पाठ भी आयोजित किया जाएगा।
इस्कॉन में तीन दिवसीय महोत्सव
इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी को तीन दिवसीय महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ भजन-कीर्तन, महाभिषेक और छप्पन भोग का आयोजन होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
रायगढ़ में दो दिन रहेंगी झांकियां
रायगढ़ के श्याम मंदिर और गौरी शंकर मंदिर में रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मंदिरों में सुबह से आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं, जो दो दिन तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रहेंगी। झांकियां देखने ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। अगले दिन विभिन्न स्थानों पर भंडारे आयोजित किए जाएंगे।