एक सप्ताह में दोनों कीमती धातुओं के भाव में गिरावट, लेकिन सालभर में सोना ₹22 हजार और चांदी ₹5 हजार महंगी
नई दिल्ली (ए)। सोने और चांदी की कीमतों में इस सप्ताह नरमी देखने को मिली है। IBJA के आंकड़ों के मुताबिक 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹4,694 टूटकर करीब ₹1.55 लाख पर आ गया। चांदी का भाव भी ₹8,436 घटकर ₹2.35 लाख प्रति किलोग्राम रह गया। हालांकि, सप्ताह की गिरावट के बावजूद साल की शुरुआत के मुकाबले सोने और चांदी दोनों के भाव ऊंचे स्तर पर हैं।
28 अगस्त को सोना करीब ₹1.60 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹2.44 लाख प्रति किलो थी। इसके मुकाबले इस सप्ताह दोनों धातुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज हुई है।
साल की शुरुआत से सोने में मजबूत बढ़त
31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत लगभग ₹1.33 लाख थी। मौजूदा भाव ₹1.55 लाख के हिसाब से इस साल सोना करीब ₹22 हजार महंगा हो चुका है। चांदी भी 31 दिसंबर के ₹2.30 लाख प्रति किलो के भाव से बढ़कर अब ₹2.35 लाख पर है।
हालांकि, इस साल के दौरान बाजार में कई बार तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 29 जनवरी को सोने ने ₹1.76 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी ने ₹3.86 लाख प्रति किलो का रिकॉर्ड उच्च स्तर छुआ था।
शहर बदलते ही क्यों बदल जाता है सोने का भाव?
देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमत एक जैसी नहीं होती। इसके पीछे परिवहन और सुरक्षा लागत के साथ स्थानीय बाजार की मांग और आपूर्ति भी जिम्मेदार होती है। स्थानीय ज्वेलरी एसोसिएशन के रेट, दुकानदार के पुराने स्टॉक की खरीद कीमत और स्थानीय कारोबारी परिस्थितियां भी अंतिम कीमत पर असर डालती हैं।
इसके अलावा जहां सोने की मांग अधिक होती है, वहां ज्वेलर्स बड़े स्तर पर खरीद करते हैं। इन तमाम कारकों के चलते अलग-अलग शहरों में सोने के खुदरा भाव में अंतर देखने को मिलता है।