महिला एशिया कप में आज दुबई में भिड़ंत; टीम इंडिया पहले ही सेमीफाइनल में, पाक पर लगातार चार जीत से बढ़ा आत्मविश्वास
दुबई (ए)। महिला एशिया कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला रात 8 बजे शुरू होगा। भारत अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है, जबकि पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला अगले दौर की राह आसान करने के लिहाज से बेहद अहम है।
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर इस मैच के साथ टी-20 इंटरनेशनल में 150वीं बार कप्तानी करने उतरेंगी। इसके साथ ही वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बन जाएंगी।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी
टी-20 इंटरनेशनल में दोनों टीमों के बीच अब तक 17 मुकाबले हुए हैं। इनमें भारत ने 14 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मुकाबलों में सफलता मिली है। एशिया कप टी-20 में भी भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा है। पाकिस्तान ने भारत को टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक बार हराया है, जबकि बाकी छह मुकाबले भारत के नाम रहे हैं।
भारत के खिलाफ पाकिस्तान की पिछली जीत अक्टूबर 2022 में एशिया कप मुकाबले में आई थी। इसके बाद से भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार चार मुकाबले जीते हैं।
पाकिस्तान के लिए करो या आगे बढ़ो वाला मुकाबला
ग्रुप में भारत चार अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि पाकिस्तान के खाते में दो अंक हैं। पाकिस्तान आज का मैच जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर सकता है। हार की स्थिति में उसे अपने अंतिम लीग मुकाबले में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी।
मंधाना और दीप्ति के प्रदर्शन पर नजर
भारतीय टीम की ओपनर स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा शानदार फॉर्म में हैं। मंधाना ने दो मैचों में 143 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 193.24 रहा है। पिछले मुकाबले में उन्होंने 124 रन की प्रभावी पारी खेली थी।
गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा भारत की सबसे सफल गेंदबाज रही हैं। उन्होंने दो मैचों में छह विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी सिर्फ 2.16 की रही है। थाईलैंड के खिलाफ पहले मैच में दीप्ति ने बिना कोई रन दिए तीन विकेट चटकाए थे।