कार में केबल लोड कर प्लांट से बाहर निकलने की फिराक में थे आरोपी, CISF ने पकड़ा; 5 गिरफ्तार, ₹80 हजार का माल जब्त
दुर्ग-भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) परिसर से करीब 100 किलो स्क्रैप कॉपर केबल चोरी कर उसे कार से बाहर ले जाने की कोशिश CISF जवानों की सतर्कता से नाकाम हो गई। प्लांट के अंदर केबल एकत्र कर कार में लोड कर रहे पांच लोगों को सुरक्षा बल ने पकड़ लिया। सूचना के बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की केबल और घटना में इस्तेमाल चार मोबाइल बरामद किए हैं।
मामले में 3 सितंबर को BSP की सुरक्षा में तैनात CISF इकाई की ओर से भिलाई भट्ठी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक कुछ लोग प्लांट परिसर में प्रवेश कर स्क्रैप कॉपर केबल को चोरी कर कार के जरिए बाहर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आई चोरी की योजना
जांच के दौरान पुलिस ने हरीश बाग, प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू, दीपक ठाकुर, अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पांचों की चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आई। आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर प्लांट से स्क्रैप कॉपर केबल निकालने की योजना बनाई थी।
100 किलो केबल और चार मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 100 किलो स्क्रैप कॉपर केबल बरामद की। इसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपए है। पुलिस के अनुसार कुल 80 हजार रुपए की जब्ती हुई है।
कार में भरकर ले जाने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार आरोपी प्लांट परिसर से कॉपर केबल को एकत्र करने के बाद उसे कार में लोड कर चुके थे। इसके बाद वे केबल को प्लांट से बाहर ले जाने की कोशिश में थे, तभी CISF जवानों की नजर उन पर पड़ गई और उन्हें पकड़ लिया गया।
सभी आरोपियों को 4 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। उनकी तलाश के साथ ही पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने हरीश बाग (24), दीपक ठाकुर (24), प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू (25), अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा (20) और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू (31) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी दुर्ग जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।