सागर-भोपाल के अस्पतालों में चल रहा इलाज, शराब ठेकेदार समेत 30 पर FIR; 10 आरोपी गिरफ्तार
सागर । सागर जिले में जहरीली शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। सोमवार को भी कई लोगों की मौत की खबर सामने आई। इनमें महेश रावत (55), श्याम बाई अहिरवार (50) और कृष्ण कुमार लोधी शामिल हैं।

इससे पहले रविवार देर रात भोपाल में इलाज के लिए एयरलिफ्ट किए गए राम प्रसाद लोधी की मौत हो गई थी। उनके पिता गोविंद लोधी की भी रविवार को मौत हुई थी। राम प्रसाद का छोटा भाई भूरे लोधी अभी सागर के अस्पताल में भर्ती है।
सोमवार दोपहर गूगरा खुर्द निवासी भगवान सिंह (35), खटोरा निवासी गोपाल आदिवासी (40) और मुड़ना पैरा निवासी देश कुमार लोधी की भी मौत हो गई।
112 लोगों का अस्पतालों में इलाज
जहरीली शराब पीने के बाद बीमार हुए करीब 112 लोगों को सागर और भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से मरीजों के उपचार और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद मृतकों का अंतिम संस्कार भी किया गया। वहीं, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने घटना की जानकारी लेकर अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।
परिजनों ने बताया- शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत
मृतक महेश रावत के भतीजे श्रवण कुमार रावत ने बताया कि उनके चाचा ने शाम को शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी।
इसी तरह श्याम बाई अहिरवार के बेटे विट्ठल अहिरवार ने बताया कि परिवार गमी के सिलसिले में बाहर गया था। उनकी मां घर पर अकेली थीं। उन्होंने गांव से किसी व्यक्ति के जरिए शराब मंगवाकर पी थी। देर रात उनकी तबीयत खराब हुई और सुबह जिला अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एफआईआर में अवैध शराब बिक्री का जिक्र
बंडा थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता अनूप सिंह लोधी ने गांव में कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध शराब बेचने की जानकारी दी है। एफआईआर में लाइसेंसी शराब ठेकेदार और अन्य लोगों के नामों का भी उल्लेख किया गया है।
शिकायत के मुताबिक कथित तौर पर एक सस्ता ब्रांड उपलब्ध कराया गया था, जिसे सामान्य कीमत से करीब 20 रुपए कम में बेचने की बात कही गई थी।
70 रुपए में खरीदी शराब, फिर बिगड़ी तबीयत
एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार अनूप सिंह अपने भतीजे राजेंद्र लोधी के साथ जुझार लोधी की दुकान पर गया था। वहां शराब को लेकर बातचीत हुई। राजेंद्र ने कथित तौर पर शराब के नकली या जहरीली होने की आशंका भी जताई थी।
इसके बाद राजेंद्र ने 70 रुपए में देशी शराब का क्वार्टर खरीदा और पी। रात में घर लौटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे बंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां से सागर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। करतार सिंह लोधी और दिग्विजय सिंह लोधी की भी शराब पीने के बाद मौत होने की जानकारी सामने आई है।