13 और 14 सितंबर को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, गेवरा रोड और इतवारी रूट की गाड़ियां प्रभावित; दो मेमू का सफर बिलासपुर तक सीमित
बिलासपुर। तीज पर्व से पहले ट्रेन से मायके जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ने वाली है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में उरकुरा स्टेशन के यार्ड में जरूरी तकनीकी काम के चलते 13 और 14 सितंबर को 10 ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा। इस दौरान दो मेमू ट्रेनों को भी उनके निर्धारित गंतव्य के बजाय बिलासपुर तक ही चलाया जाएगा।
रेलवे के अनुसार उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग का काम प्रस्तावित है। इसके लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। यह कार्य उरकुरा और रायपुर स्टोर डिपो के बीच दोहरीकरण परियोजना के तहत किया जा रहा है। काम के दौरान रेल परिचालन प्रभावित होने के कारण कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द किया गया है।
इन रूटों के यात्रियों पर असर
ट्रेनों के रद्द होने से रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, गेवरा रोड और इतवारी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। तीज पर्व के चलते इन दिनों ट्रेनों में यात्रियों की संख्या भी अधिक रहने की संभावना है। खासकर मायके जाने वाली महिलाओं और परिवारों को अपनी यात्रा की योजना दोबारा बनानी पड़ सकती है।
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचें
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि 13 और 14 सितंबर को यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन का नंबर और परिचालन स्थिति जरूर जांच लें। जिन यात्रियों की ट्रेन रद्द हुई है, उन्हें समय रहते दूसरी ट्रेन या बस जैसे वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।