15 जिलों की 575 पंचायतों में पानी का संकट; पिथौरागढ़ में लैंडस्लाइड से रास्ता बंद, राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली (ए)। देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के चलते बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। बिहार में करीब 50 लाख लोग बाढ़ के पानी से घिरे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में नदियों के उफान से 26 जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। उत्तराखंड में भूस्खलन के कारण प्रमुख मार्ग बाधित हुए हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी आने वाले दिनों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
बिहार में 575 पंचायतें बाढ़ की चपेट में
बिहार के 15 जिलों की 575 पंचायतों में करीब 50 लाख की आबादी बाढ़ के पानी से प्रभावित है। कटिहार में बाढ़ का असर स्कूलों और कोचिंग संस्थानों तक पहुंच गया है। कई जगह शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होने के बावजूद बच्चे नाव के जरिए स्कूल और पढ़ाई के स्थानों तक पहुंच रहे हैं। राज्य के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई है।
यूपी में नदियों का बढ़ा जलस्तर
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और करीब 4 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। लखीमपुर में शारदा नदी का कटाव तेजी से हो रहा है। इसके चलते पिछले 24 घंटे के दौरान 7 मकान नदी में समा गए। नदी किनारे रहने वाले लोगों में लगातार चिंता बनी हुई है।
पिथौरागढ़ में फिर बंद हुआ रास्ता
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आदि कैलाश मार्ग पर दोबाट के पास लैंडस्लाइड होने से सड़क एक बार फिर बाधित हो गई। वहीं रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें हेलमेट पहनाकर आगे भेजा जा रहा है। कुछ दिन पहले हुए भूस्खलन में कई घोड़े और खच्चरों की मौत हुई थी। मार्ग पर पड़े शवों के कारण दुर्गंध और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें भी सामने आई हैं।
राजस्थान और एमपी में बारिश का दौर
राजस्थान के 26 जिलों में 17 सितंबर तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को अजमेर, पाली सहित कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। पश्चिमी हिस्सों में 17 से 19 सितंबर तथा पूर्वी हिस्सों में 18 से 21 सितंबर के बीच बारिश होने की संभावना जताई गई है।