कलेक्टर के नेतृत्व में 100 जवानों ने की बैरकों की सघन तलाशी; बीड़ी और चिलम भी बरामद, मोबाइल की होगी तकनीकी जांच
दुर्ग। केंद्रीय जेल दुर्ग में गुरुवार सुबह जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक दबिश देकर सघन तलाशी अभियान चलाया। कलेक्टर अभिजीत सिंह के नेतृत्व में करीब 100 जवान और अधिकारी सुबह 6 बजे जेल पहुंचे। टीम ने जेल की विभिन्न बैरकों और संवेदनशील स्थानों की जांच की। तलाशी के दौरान दो मोबाइल फोन, एक सिम कार्ड, बीड़ी, चिलम सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान का पंचनामा तैयार कर पदमनाभपुर थाने को सौंप दिया गया है।
बैरकों में एक साथ चला तलाशी अभियान
औचक निरीक्षण के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम पहले से तैयार की गई थी। सुबह करीब 6 बजे टीम केंद्रीय जेल पहुंची और परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की। करीब 100 जवानों और अधिकारियों ने अलग-अलग हिस्सों में एक साथ तलाशी ली। जेल की बैरकों के अलावा उन स्थानों की भी जांच की गई, जहां प्रतिबंधित सामग्री छिपाए जाने की आशंका थी।
दो मोबाइल और एक सिम मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
तलाशी के दौरान मिले दो मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड को लेकर जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। जेल में बंदियों के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। ऐसे में अब जांच का प्रमुख बिंदु यह होगा कि ये उपकरण जेल के भीतर कैसे पहुंचे और इनका इस्तेमाल कौन कर रहा था। बीड़ी और चिलम भी टीम को तलाशी के दौरान मिली।
मोबाइल से हुए संपर्क की भी होगी पड़ताल
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन की जांच कराई जाएगी। तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि मोबाइल से किन-किन नंबरों पर संपर्क किया गया। साथ ही सिम कार्ड किस व्यक्ति के नाम पर जारी हुआ था, इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी। जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश
निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिबंधित सामान जेल के भीतर पहुंचने से रोकने के लिए तलाशी और निगरानी व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया। सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।
कर्मचारियों के नए क्वार्टर तैयार
निरीक्षण के दौरान जेल की बुनियादी सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर के अनुसार जेल में आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त हैं। जेल कर्मचारियों के लिए बनाए गए नए क्वार्टर तैयार हो चुके हैं और जल्द ही उनका आवंटन शुरू किया जाएगा।