स्मृतिनगर की कंसल्टेंसी पर धोखाधड़ी का आरोप; किर्गिस्तान भेजने के बाद भी नहीं दिलाई नौकरी, रकम लौटाने के तीनों चेक बाउंस
भिलाई। विदेश में MBA की पढ़ाई, नौकरी और आगे कनाडा की नागरिकता दिलाने का भरोसा देकर 19 लाख रुपए लेने के मामले में स्मृतिनगर पुलिस ने कंसल्टेंसी संचालक गगन गुप्ता, उसकी पत्नी स्वाती अग्रवाल गुप्ता और पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा के खिलाफ कार्रवाई की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने अलग-अलग देशों की यूनिवर्सिटी में एडमिशन और नौकरी का भरोसा दिया। उसे किर्गिस्तान भी भेजा गया, लेकिन वहां नौकरी नहीं मिली। रकम वापस मांगने पर दिए गए तीन चेक भी बैंक में बाउंस हो गए।

यूके, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा का दिया भरोसा
सेक्टर-1 भिलाईनगर निवासी सुमित अरमरकर ने 15 सितंबर को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार स्मृतिनगर स्थित टॉप कैरियर कंसल्टेंसी के संचालक गगन गुप्ता, उसकी पत्नी स्वाती अग्रवाल गुप्ता और पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा ने विदेश में MBA की पढ़ाई और पढ़ाई के बाद अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपियों ने सुमित को यूके, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा की यूनिवर्सिटी में MBA में प्रवेश दिलाने की बात कही। इसके साथ ही पढ़ाई पूरी होने के बाद अच्छी नौकरी और आगे कनाडा की नागरिकता दिलाने का भी भरोसा दिया गया।
किस्तों और चेक से जमा कराए 19 लाख
शिकायत के मुताबिक आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में सुमित ने अलग-अलग किस्तों और चेक के माध्यम से कुल 19 लाख रुपए जमा किए। रकम लेने के बाद उसे विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर लगातार आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में विजिटर वीजा के जरिए विदेश भेजने और कनाडा की नागरिकता दिलाने की बात भी कही गई।
किर्गिस्तान पहुंचा, लेकिन नौकरी का इंतजाम नहीं हुआ
पुलिस के अनुसार सुमित को किर्गिस्तान भेजा गया, लेकिन वहां भी उसे नौकरी नहीं मिली। नौकरी नहीं मिलने पर वह भारत वापस लौट आया। इसके बाद उसने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी। आरोपियों ने 2-2 लाख रुपए के तीन चेक दिए। सुमित ने जब चेक बैंक में जमा किए तो तीनों बाउंस हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
चेक बाउंस होने के बाद सुमित ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर स्मृतिनगर चौकी और थाना सुपेला में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
पूछताछ के बाद तीनों आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस ने गगन गुप्ता और जसविंदर सिंह डिगवा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। मामले में गगन गुप्ता, स्वाती अग्रवाल गुप्ता और जसविंदर सिंह डिगवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।