आरंग के बनचरौदा में मिला था शिक्षक का शव, CCTV और VSK ऐप की जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
रायपुर। दोस्ती और कारोबार के बीच 30 लाख रुपए का लेनदेन आखिरकार हत्या की वजह बन गया। आरंग थाना क्षेत्र के बनचरौदा में 17 सितंबर को मिले शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर के शव के मामले में पुलिस ने उसके साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच उधार की रकम और तीन महीने से नहीं मिले ब्याज को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद आरोपी ने शिवकुमार को सुनसान जगह पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस को 17 सितंबर को बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद शव की पहचान 46 वर्षीय शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
CCTV और ऐप की जांच से खुली कड़ी
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि शिवकुमार और आरोपी चंद्रप्रकाश दोनों कुम्हारी के एक स्कूल में शिक्षक थे। स्थानीय लोगों और चरवाहे ने बताया कि शिवकुमार को घटना वाले दिन चंद्रप्रकाश के साथ सफेद स्कूटी पर जाते देखा गया था।
इसके बाद पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की। पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर को चंद्रप्रकाश करीब 9:30 बजे स्कूल पहुंचा। कुछ समय बाद निजी काम का हवाला देकर बाहर चला गया। इसी दौरान उसने मोबाइल की लोकेशन बंद कर दी।
करीब 1 बजे स्कूल लौटने के बाद उसने अपने मोबाइल से VSK ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं की। मोबाइल घर पर होने की बात कहते हुए उसने दूसरे शिक्षक के फोन से उपस्थिति दर्ज कराई। पुलिस ने इन गतिविधियों को CCTV फुटेज से मिलाया तो संदेह और मजबूत हुआ।
चार साल पुरानी दोस्ती, कारोबार में पैसों का लेनदेन
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शिवकुमार को करीब चार साल से जानता था। दोनों रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग करते थे। इसी सिलसिले में आरोपी ने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपए उधार दिए थे।
बताया गया कि इस रकम के बदले आरोपी को ब्याज मिलता था। लेकिन करीब तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने पर उसने रकम वापस करने और ब्याज देने के लिए दबाव बनाया। पुलिस के मुताबिक इसी मुद्दे पर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। लेनदेन के संबंध में शिवकुमार ने आरोपी को छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक भी दिए थे।
पहले से बनाई थी हत्या की योजना
पुलिस के अनुसार पैसों को लेकर विवाद के बाद आरोपी ने शिवकुमार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 17 सितंबर की सुबह दोनों की मुलाकात कुम्हारी स्कूल के पास पटवारी कार्यालय के नजदीक हुई। यहां लेनदेन को लेकर फिर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी उसे स्कूटी पर बैठाकर बनचरौदा की ओर ले गया।
पुलिस के मुताबिक सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद विवाद दोबारा बढ़ गया। आरोपी ने पहले धारदार हथियार से शिवकुमार के सिर पर वार किया। उसके गिरने के बाद हथौड़े से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
18 सितंबर को पुलिस ने चंद्रप्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में घटनास्थल, CCTV फुटेज, डिजिटल रिकॉर्ड तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।