लोहे की प्लेट ने ली मजदूर की जान, मयुरा कंपनी में हादसे के बाद हंगामा
हथखोज में काम के दौरान 55 वर्षीय चंद्रशेखर सिंह पर गिरी भारी प्लेट, परिवार ने मुआवजे और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की
दुर्ग-भिलाई। हथखोज की मयुरा कंपनी में काम के दौरान भारी लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान चंद्रशेखर सिंह (55) के रूप में हुई है। बताया गया है कि लोहे की प्लेट या रॉड उनके सीने पर गिरने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कंपनी के मजदूरों में नाराजगी फैल गई और वे कंपनी के बाहर एकत्रित हो गए।
चंद्रशेखर सिंह बिहार के रहने वाले थे। वे करीब 7-8 साल से मयुरा कंपनी में काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक भारी लोहे की प्लेट या रॉड उनके सीने के ऊपर गिर गई। हादसे के बाद कंपनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल मजदूर को निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार से पहले ही उनकी मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को मिली जानकारी
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने उन्हें तत्काल घटना की जानकारी नहीं दी। परिजनों के मुताबिक, वे कंपनी पहुंचे तो गेट पर मौजूद गार्ड ने किसी हादसे की जानकारी होने से इनकार कर दिया। बाद में उन्हें चंद्रशेखर के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी मौत हो चुकी थी।
इस घटनाक्रम को लेकर परिजनों ने कंपनी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि यदि समय पर घटना की जानकारी दी जाती तो वे तत्काल अस्पताल पहुंच सकते थे।
परिवार में चार बच्चे, आर्थिक संकट की चिंता
चंद्रशेखर की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों के मुताबिक, वे लंबे समय से भिलाई में रहकर कंपनी में काम कर रहे थे और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके चार बच्चे हैं। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से उचित मुआवजा देने के साथ परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और कंपनी में मौजूद सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल कर रही है। पुलिस जांच के बाद हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदारी से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।