छत्तीसगढ़ी में मां और परिवार से मांगी माफी, लिखा- ‘मरना नहीं चाहती, मजबूर हूं’; शादी के लिए दबाव बनाने और परिजनों को धमकाने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्ग में 24 वर्षीय युवती की आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवती ने मौत से पहले छत्तीसगढ़ी में सुसाइड नोट लिखा, जिसमें एक युवक पर मानसिक प्रताड़ना, शारीरिक संबंध बनाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। नोट में उसने मां और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी मांगते हुए युवक को सजा दिलाने और अपने लिए न्याय की मांग की है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर सुसाइड नोट, परिजनों के बयान और मोबाइल में मौजूद डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड नोट में लिखी आपबीती, युवक पर लगाए आरोप
पुलिस के अनुसार, युवती ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि एक युवक ने पहले उस पर भरोसा कायम किया, फिर उसके साथ गलत व्यवहार किया। युवती का आरोप है कि युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब उसने युवक से बातचीत बंद कर दूरी बनाने की कोशिश की, तो वह उसे कथित रूप से परेशान करने लगा।
नोट में युवक पर भाई और परिवार के दूसरे सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। युवती ने लिखा कि युवक पुलिस में अपनी पहचान होने और जेल जाने के बाद जल्द बाहर आ जाने की बात कहकर उसे डराता था। उसने अपने परिजनों से मोबाइल में मौजूद संदेश और तस्वीरें देखने की अपील भी की, ताकि मामले से जुड़े तथ्य सामने आ सकें।

दो महीने से परेशान किए जाने की बात आई थी सामने
युवती के चाचा के मुताबिक, करीब दो महीने पहले उसकी एक सहेली ने परिवार को बताया था कि एक युवक उसे परेशान कर रहा है। इस बारे में युवती से बातचीत की गई, तो उसने परिवार को भरोसा दिलाया था कि वह खुद स्थिति संभाल लेगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें बताएगी।
परिवार उसे समझाता रहा कि यदि कोई परेशान करे या धमकी दे, तो इसकी जानकारी तुरंत देनी चाहिए, ताकि पुलिस से मदद ली जा सके। परिजनों के अनुसार, युवती ने पहले कोई औपचारिक शिकायत नहीं की थी। उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह इतनी मानसिक परेशानी से गुजर रही है।
शादी के लिए दबाव बनाने का भी आरोप
परिजनों का आरोप है कि युवक युवती पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। चाचा के अनुसार, युवक उसके भाई, बहन और मां को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी देता था। वह कथित तौर पर पुलिस से पहचान होने और जेल जाने के बाद जल्दी छूट जाने की बात कहकर युवती को डराता था। इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घर में अकेली थी युवती, भाई ने देखा तो हुई जानकारी
परिजनों के मुताबिक, घटना के दिन युवती ने मां, भाई और बहन से तबीयत ठीक नहीं होने की बात कही थी। उसने आराम करने की बात कही और काम पर नहीं गई। उस समय घर में वह अकेली थी।
ड्यूटी से लौटे उसके भाई ने दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसी की मदद ली। अंदर जाकर देखने पर युवती फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पिता का पहले हो चुका है निधन, मां करती हैं काम
युवती के परिवार में मां, 27 वर्षीय बड़ा भाई और छोटी बहन हैं। उसका भाई छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की पहली बटालियन, भिलाई में पदस्थ है। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। मां कपड़े प्रेस कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। युवती दुर्ग के एक निजी संस्थान में काम करती थी।
परिजनों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले वह सहेलियों के साथ दुर्गा दर्शन के लिए भी गई थी। परिवार को उसके तनाव की गंभीरता का अंदाजा नहीं था।
मोबाइल और सुसाइड नोट की जांच में जुटी पुलिस
यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मर्ग कायम कर सुसाइड नोट, परिजनों के बयान और मोबाइल में मौजूद संदेशों व तस्वीरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।