मनोरमा इंडस्टरीज से भटिंडा भेजा जाना था साल बीज की खली, 1.09 लाख रुपए एडवांस लेने के बाद भी नहीं पहुंचाया माल; ट्रक और खेप बरामद
दुर्ग। दुर्ग की एक औद्योगिक इकाई से पंजाब के भटिंडा भेजी जा रही 35.222 टन साल बीज की खली गंतव्य तक नहीं पहुंचाने के मामले में पुलिस ने फरार ट्रांसपोर्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अवनीश दुबे को 15 अक्टूबर को रायपुर के टाटीबंध इलाके से पकड़ा गया। इस मामले में पुलिस पहले ही ट्रक और उसमें लदा माल बरामद कर चुकी है, जबकि ट्रक चालक की तलाश जारी है।
परिवहन का सौदा कर लिया था एडवांस
पुलिस के मुताबिक, करंजा भिलाई स्थित मनोरमा इंडस्टरीज से पंजाब के भटिंडा तक साल बीज की खली पहुंचाने के लिए यूटीएस ट्रांसपोर्ट के माध्यम से सौदा तय हुआ था। माल की ढुलाई के लिए 1 लाख 39 हजार 471 रुपए किराया निर्धारित किया गया था। इसमें से ट्रांसपोर्टर अवनीश दुबे को 1 लाख 9 हजार 471 रुपए अग्रिम भुगतान किया गया था।
आरोप है कि एडवांस राशि लेने के बावजूद माल निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंचाया गया। इसके बाद कंपनी के मैनेजर मनोज कुमार सिंह ने 19 मार्च 2026 को जेवरा सिरसा चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रांसपोर्टर अवनीश दुबे, ट्रक मालिक रोहित उर्फ राहुल दीक्षित और चालक जयप्रकाश के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ट्रक मालिक के पास से बरामद हुई खेप
जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक मालिक रोहित उर्फ राहुल दीक्षित से परिवहन में इस्तेमाल किया गया ट्रक क्रमांक एमपी 16 एच 5792 बरामद किया। ट्रक में लदी 35.222 टन साल बीज की खली भी जब्त की गई। इसके बाद से फरार चल रहे ट्रांसपोर्टर की तलाश की जा रही थी।
पुलिस ने सूचना और घेराबंदी के आधार पर 15 अक्टूबर को अवनीश दुबे को रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे दुर्ग के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। ट्रांसपोर्टर की गिरफ्तारी के बाद अब फरार ट्रक चालक जयप्रकाश की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।