आठ दिन के भीतर दूसरी बार पुलिस की कार्रवाई, आज दोपहर कोर्ट में पेशी; इसी मामले में हिरासत में ली गईं नेहा बोरा रिहा
दिल्ली में ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले हिरासत में लिए गए कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें शनिवार दोपहर स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने की जानकारी दी गई है। आठ दिन के भीतर दीपके के खिलाफ यह दूसरी कार्रवाई है। वहीं, इसी मामले में हिरासत में ली गईं एआईएसए की अध्यक्ष नेहा बोरा को पुलिस ने सुबह रिहा कर दिया।
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उन्हें शनिवार दोपहर करीब 12 बजे स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा। दीपके को शुक्रवार को कनॉट प्लेस में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले हिरासत में लिया गया था।
दीपके के खिलाफ आठ दिन के भीतर यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले 10 अक्टूबर को दिल्ली हवाई अड्डे पर उन्हें विमान से हिरासत में लिया गया था। हालांकि, अगले दिन उन्हें छोड़ दिया गया था। ताजा कार्रवाई के बाद उनकी पेशी को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
इसी घटनाक्रम में एआईएसए अध्यक्ष नेहा बोरा सहित करीब 150 लोगों को शुक्रवार को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने शनिवार सुबह लगभग 5 बजे बोरा को रिहा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत हिरासत से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ा गया।
कनॉट प्लेस समेत कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था
अभिजीत दीपके की पेशी से पहले मंदिर मार्ग थाने के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई। सीजेपी की लीगल अफेयर्स प्रमुख रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि दीपके को दोपहर करीब 12 बजे स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और जंतर-मंतर सहित नई दिल्ली के प्रमुख इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है। हालांकि, सड़कों पर यातायात सामान्य रूप से जारी रहने की जानकारी सामने आई है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर दुर्व्यवहार के आरोप
इधर, दिल्ली पुलिस के खिलाफ केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के म्यूजियम थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत दिल्ली विश्वविद्यालय की कानून की छात्रा और एनएसयूआई कार्यकर्ता अथिरा विजयन ने दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 13 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें रोका, गाली-गलौज की, घसीटा और मारपीट की। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
प्रतिबंधों के उल्लंघन पर कई एफआईआर
दिल्ली पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को कनॉट प्लेस और नई दिल्ली के अन्य क्षेत्रों में लागू प्रतिबंधों का उल्लंघन करने के आरोप में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस का कहना है कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद भीड़ एकत्र हुई। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी प्रतिबंधों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज ने कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि विरोध लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखा जाएगा।