शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे कतार में खड़े थे लोग, 26 घायल; सीएसपी हटाए गए, तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिसकर्मी निलंबित
ग्वालियर (ए)। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। हादसा चीनौर रोड पर उस समय हुआ, जब श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे कतार में खड़े थे। इसी दौरान धान से भरा तेज रफ्तार ट्रक ढलान पर अनियंत्रित हो गया और लोगों को कुचलते हुए मंदिर के मुख्य द्वार तथा बाहरी दीवार से जा टकराया। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, चीनौर की ओर से आ रहा ट्रक करीब 90 डिग्री के तीखे ढलान पर पहुंचते ही बेकाबू हो गया। बताया जा रहा है कि चालक गूगल मैप की मदद से रास्ता तय कर रहा था। ढलान पर ट्रक के ब्रेक फेल होने के बाद वह पुलिस चेकपोस्ट को तोड़ते हुए श्रद्धालुओं की कतार में घुस गया। इसके बाद मंदिर की दीवार और गेट से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीवार का एक हिस्सा ढह गया और कई लोग मलबे में दब गए।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में घायल थाटीपुर निवासी अभिषेक ने बताया कि वह हाथ-पैर धो रहा था, तभी सामने से आया ट्रक उसे घसीटते हुए ले गया। एक व्यक्ति ने उसे तलाशकर बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच सकी।
लापरवाही पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
हादसे के बाद श्रद्धालुओं के परिजनों ने पुलिस पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित अधिकारियों-कर्मचारियों में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी तथा आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया और पवन सेंगर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ड्यूटी में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ट्रक चालक और वाहन मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के कारणों और सुरक्षा इंतजामों में संभावित चूक की जांच की जा रही है।