रायपुर में पिंक पेट्रोल यूनिट का अंडरकवर ऑपरेशन, छेड़छाड़, फब्तियां कसने और बिना अनुमति फोटो-वीडियो बनाने वालों पर होगी कार्रवाई
रायपुर। नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। गरबा पंडालों में महिला पुलिसकर्मी पारंपरिक गरबा परिधान में आम प्रतिभागियों के बीच मौजूद रहेंगी। पिंक पेट्रोल यूनिट की ये महिला जवान सादे तौर पर लोगों के बीच रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी, ताकि महिलाओं और युवतियों के साथ बदसलूकी करने वालों को मौके पर पकड़ा जा सके।
पुलिस कमिश्नरेट की इस व्यवस्था का उद्देश्य उत्सव के दौरान महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। महिला पुलिसकर्मी पंडालों के भीतर और प्रवेश द्वारों के आसपास तैनात रहेंगी। छेड़छाड़ करने, अश्लील टिप्पणियां करने, फब्तियां कसने और बिना अनुमति महिलाओं की तस्वीरें या वीडियो बनाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इस तरह की हरकत सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पंडालों के आसपास भी होगी निगरानी
महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गरबा स्थलों के आसपास के मार्गों पर भी पुलिस की गश्त जारी रहेगी। पुलिस वाहन संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी करेंगे। किसी अप्रिय घटना या शिकायत की सूचना मिलने पर पिंक पेट्रोल यूनिट तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। पुलिस का कहना है कि उत्सव की आड़ में महिलाओं को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
रायपुर पुलिस ने महिलाओं और युवतियों से निर्भय होकर गरबा व डांडिया कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है। किसी भी तरह की छेड़छाड़, संदिग्ध गतिविधि या असुविधा की स्थिति में पिंक पेट्रोल यूनिट के मोबाइल नंबर 9479210932 अथवा आपातकालीन सहायता नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस के अनुसार, शिकायत करने वाली महिला की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।