दुर्ग कोर्ट परिसर के बाथरूम में उतरवाए 20 हजार के चांदी के आभूषण, महतारी वंदन योजना की राशि निकालकर महिला पहुंची थी दुर्ग
दुर्ग-भिलाई। सरकारी योजना के तहत 3 लाख 70 हजार रुपए दिलाने का लालच देकर एक अज्ञात महिला ने मजदूर महिला से ठगी कर ली। आरोपी उसे धमधा क्षेत्र के ग्राम राजपुर से दुर्ग लेकर आई और जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के बाथरूम में उसके हाथों से चांदी के आभूषण उतरवा लिए। इसके बाद पास रखे एक हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गई। पीड़िता के मुताबिक, चांदी के आभूषणों की कीमत करीब 20 हजार रुपए थी। शिकायत पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर पहुंचकर सरकारी योजना की रकम का दिया लालच
पुलिस के अनुसार, ग्राम राजपुर निवासी कुमारी यादव (46), पति नारायण यादव, मजदूरी करती हैं। 16 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे एक अज्ञात महिला उनके घर पहुंची। उसने खुद को धमधा क्षेत्र की रहने वाली बताते हुए पूछा कि क्या उन्होंने किसी सरकारी योजना के लिए आवेदन किया है। इसके बाद आरोपी ने कुमारी यादव को बताया कि उन्हें योजना के तहत 3 लाख 70 हजार रुपए मिलने वाले हैं। रकम प्राप्त करने के लिए उसने महिला को अपने साथ दुर्ग चलने के लिए कहा। साथ ही जल्दबाजी करने और इस बारे में किसी को जानकारी नहीं देने की हिदायत दी।
महतारी वंदन योजना की राशि निकालकर निकलीं
बड़ी रकम मिलने की उम्मीद में कुमारी यादव आरोपी की बातों में आ गईं। उन्होंने राजपुर पोस्ट ऑफिस से महतारी वंदन योजना की राशि निकाली और उसके साथ दुर्ग जाने के लिए बस में सवार हो गईं। दुर्ग पहुंचने के बाद दोनों टेंपो से कचहरी परिसर पहुंचीं। रास्ते में गांव के सचिव भूपेन्द्र दिखाई दिए तो आरोपी ने पीड़िता से कहा कि वह उन्हें जानती है, लेकिन इस बारे में कुछ बताने की जरूरत नहीं है।
बाथरूम में उतरवाए आभूषण, नकदी भी ले गई
कचहरी परिसर पहुंचने के बाद आरोपी महिला, कुमारी यादव को बाथरूम में ले गई। वहां उसने कहा कि अंदर चांदी के आभूषण पहनकर नहीं जा सकते, इसलिए उन्हें उतारकर रख देना चाहिए। उसकी बातों पर भरोसा कर पीड़िता ने दोनों हाथों में पहने चांदी के आभूषण उतार दिए। इसी दौरान आरोपी ने उनके पास रखे एक हजार रुपए भी ले लिए और उन्हें अकेला छोड़कर मौके से भाग निकली। पीड़िता ने आभूषणों की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई है। इस तरह कुल 21 हजार रुपए की ठगी की शिकायत की गई है।
कोतवाली पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
घटना के बाद पीड़िता ने 17 अक्टूबर 2026 को दुर्ग कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की पहचान करने के साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।