फॉरेक्स ट्रेनिंग सेंटर खोलने के नाम पर कृषि व्यवसायी से लिए थे 21.96 लाख रुपए, 3.33 लाख लौटाए; नागपुर से पकड़ा गया आरोपी
दुर्ग-भिलाई। फॉरेक्स और ट्रेडिंग के कारोबार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर एक कृषि व्यवसायी से लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रायपुर में ट्रेडिंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट शुरू करने और उसके संचालन के नाम पर शिकायतकर्ता से कुल 21.96 लाख रुपए लिए गए। इनमें से 3.33 लाख रुपए लौटाने के बाद शेष 18.63 लाख रुपए वापस नहीं किए गए। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सुपेला पुलिस ने आरोपी मीनल चौहान (35) को नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में एक कार भी जब्त की गई है।
परिचित के जरिए हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, कृषि व्यवसाय से जुड़े अक्षय राठौर की पहचान एक परिचित के माध्यम से मीनल चौहान से हुई थी। आरोपी ने उन्हें बताया कि रायपुर के वीआईपी चौक स्थित करेंसी टावर में फिनविजन और फिनविजन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के नाम से फॉरेक्स एवं ट्रेडिंग की ट्रेनिंग देने वाला संस्थान शुरू किया जा रहा है। उसने संस्थान में निवेश करने पर बेहतर मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया।
संस्थान के संचालन के नाम पर लिए रुपए
शिकायतकर्ता के मुताबिक, दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच संस्थान शुरू करने और उसे संचालित करने के लिए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 21 लाख 96 हजार 675 रुपए जमा कराए गए। बताया गया था कि इस रकम का इस्तेमाल कर्मचारियों के वेतन, कार्यालय किराए, रखरखाव, विज्ञापन, सोशल मीडिया प्रचार और अन्य जरूरी खर्चों में किया जाएगा।
18.63 लाख रुपए नहीं लौटाए
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने दी गई रकम में से करीब 3 लाख 33 हजार रुपए वापस कर दिए, लेकिन शेष 18 लाख 63 हजार 675 रुपए नहीं लौटाए। लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने पर अक्षय राठौर ने पुलिस से शिकायत की।
सुपेला पुलिस ने दर्ज किया केस
अक्षय राठौर ने 18 सितंबर 2026 को सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 1389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 351(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी मीनल चौहान को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भिलाई के मदर टेरेसा नगर का निवासी है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।