अंधेरी स्टेशन के बाहर मिली वारदात में इस्तेमाल बाइक, ड्राइवर समेत दो लोग घायल; लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने ली जिम्मेदारी
मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर की गई फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। घटना में इस्तेमाल बाइक अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के बाहर बरामद की गई है, वहीं दो संदिग्ध हमलावरों की तस्वीरें भी सामने आई हैं। मामले में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हालांकि, सामने आई तस्वीरों की समय और स्थान संबंधी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मुंबई (ए)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम जुहू इलाके में पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल बाइक अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के बाहर मिली। बताया जा रहा है कि फायरिंग के बाद आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए थे।

मामले में दो संदिग्ध युवकों की तस्वीर भी सामने आई है। तस्वीर में दोनों सफेद शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। इनमें से एक ने काली टोपी पहन रखी है। हालांकि, तस्वीर कब और कहां की है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना में अभिनेता के ड्राइवर फिरदौस को गोली लगने की जानकारी सामने आई है। वहीं, उमेश चव्हाण नाम का एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे देर रात टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि अभिनेता के हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है।
इस बीच, लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने सोशल मीडिया के माध्यम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
फिल्म निर्देशक अशोक पंडित ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी वारदातों पर सरकार और पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। लगातार इस तरह की घटनाएं होने से न केवल फिल्म जगत, बल्कि आम लोगों का भरोसा भी प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति पर गोलीबारी होने से समाज में भय का माहौल बनता है और लोगों को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगती है।
अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी घटना को चिंताजनक और चौंकाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर गोलीबारी करना गंभीर मामला है। अभिनेता को बड़ी चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर के घायल होने की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने इस घटना पर चिंता व्यक्त की।