कोरबा, दंतेवाड़ा, रायगढ़ और अंबिकापुर में बिखरा मातम; मृतकों में गर्भवती महिला, दो चचेरे भाई, पिता-पुत्री और दो किशोर शामिल
कोरबा/दंतेवाड़ा/रायगढ़/अंबिकापुर। विजयादशमी की खुशियों के बीच प्रदेश के चार जिलों में हुए सड़क हादसों ने कई घरों में मातम पसरा दिया। अलग-अलग दुर्घटनाओं में 11 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
दंतेवाड़ा: मेला जा रहे ग्रामीणों की पिकअप पलटी, गर्भवती की मौत
भांसी थाना क्षेत्र के राजा बंगला मोड़ के पास दशहरा मेला देखने जा रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में नौ माह की गर्भवती अन्नू मंडावी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अन्य सवारियों को चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि बचेली की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने पहले बस से उतरकर सड़क पार कर रहे ग्रामीण मुड़ा भास्कर को टक्कर मारी। रुकने के बजाय चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की और कुछ ही दूरी पर वाहन पलट गया। चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कोरबा: भारी वाहन की टक्कर से चचेरे भाइयों की मौत
उरगा-हाटी मार्ग पर नोनबिर्रा के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार भारी वाहन ने इलेक्ट्रिक बाइक को रौंद दिया। इसमें नोनबिर्रा निवासी यशवंत गुप्ता (24) और उनके चचेरे भाई शुभम गुप्ता (20) की मौके पर मौत हो गई। दोनों प्रतिमा विसर्जन के बाद पंडित के घर पूजा सामग्री छोड़कर लौट रहे थे और परिजनों के साथ दशहरा उत्सव देखने जाने वाले थे।
करतला थाना प्रभारी गणेश राम यादव ने बताया कि टक्कर के बाद चालक वाहन सहित भाग निकला। उसकी तलाश जारी है। उधर, कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर 24 घंटे के भीतर दो अलग हादसों में दो और लोगों की मौत हुई।
रायगढ़: चार हादसों में छह की मौत, चार घायल रायपुर रेफर
जिले के छाल, कापू और गेरवानी क्षेत्र में मंगलवार शाम चार सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की जान गई, जबकि चार गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया। छाल के अस्पताल पारा के पास मेला जा रहे चार युवकों की बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इसी थाना क्षेत्र में पैदल मेला जा रहे चंद्रदेव सिंह ठाकुर को अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
कापू क्षेत्र में इंचपारा-पारेमेर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन ने पैदल जा रहे ग्रामीणों को कुचल दिया। इसमें पवन कोरवा और उनकी बेटी नयंती कोरवा ने मौके पर दम तोड़ दिया। गेरवानी के नलवा गेट नंबर-3 के पास डंपर के पीछे बाइक घुस जाने से आकाश कुमार (40) की मौत हो गई।
अंबिकापुर: मेला देखकर लौट रहे दो किशोरों को ट्रेलर ने कुचला
सीतापुर के कासाबेल बिजली पावर हाउस के पास बुधवार तड़के करीब 5 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर (HR-38 AM 9613) ने मोपेड (CG-15 DR 2726) को टक्कर मार दी। मोपेड पर पीछे बैठे सोनतराई सड़कपारा निवासी सूर्यकांत और पवन मांझी पहियों के नीचे आ गए और दोनों की मौके पर मौत हो गई। मोपेड चला रहे साथी विजय दूर जा गिरे और बाल-बाल बच गए।