महादेवघाट के पास बिक्री के लिए ग्राहक तलाशने की सूचना पर कार्रवाई; बैग से नाइट्राजेपम की 2,100 टैबलेट बरामद, कीमत 8.40 लाख रुपये आंकी गई
रायपुर। राजधानी में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाइट्राजेपम की 2,100 गोलियों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महादेवघाट विसर्जन कुंड के पास इन गोलियों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। जब्त टैबलेट की कीमत करीब 8.40 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी की पहचान मोहम्मद असजद (30), निवासी शांति विहार कॉलोनी, डंगनिया के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने की घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि महादेवघाट विसर्जन कुंड के आसपास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने के लिए खरीदार तलाश रहा है। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध की तलाश शुरू की। घेराबंदी के दौरान युवक को पकड़ लिया गया।
बैग की तलाशी में मिलीं 2,100 टैबलेट
पूछताछ में युवक ने अपना नाम मोहम्मद असजद बताया। पुलिस ने उसके पास मौजूद बैग की जांच की तो उसमें नाइट्राजेपम की 2,100 गोलियां मिलीं। अधिकारियों के मुताबिक, इनकी अनुमानित कीमत 8.40 लाख रुपये है। आरोपी गोलियों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
ओडिशा से लाने की बात कही
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गोलियां ओडिशा से लाने की जानकारी दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दवाओं की आपूर्ति किसने की थी और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 670/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) में मामला दर्ज किया है।
नशे के खिलाफ अभियान में 207 गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 94 मामलों में 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में गांजा, प्रतिबंधित टैबलेट, एमडीएमए, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम सहित विभिन्न मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इन मामलों में जब्त सामग्री और अन्य संपत्तियों का कुल मूल्य 7.19 करोड़ रुपये से अधिक है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।