मेयर रितु तावड़े को ई-मेल भेजकर ‘जलसा’ में बम धमाके और दिलजीत पर आत्मघाती हमले की चेतावनी; दादर के चार स्कूलों को भी मिले धमकी भरे संदेश
मुंबई। मुंबई में शुक्रवार को अभिनेता अमिताभ बच्चन और गायक दिलजीत दोसांझ को धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। मुंबई की मेयर रितु तावड़े को मिले ई-मेल में अमिताभ के आवास ‘जलसा’ को बम से उड़ाने और दिलजीत को आत्मघाती हमले में मारने की बात कही गई है। संदेश में हमले के लिए 31 अक्टूबर से 27 नवंबर तक की अवधि का उल्लेख किया गया है। इसके बाद पुलिस ने बीएमसी मुख्यालय में तलाशी अभियान चलाया। इसी बीच दादर के चार स्कूलों को भी धमकी भरे ई-मेल मिलने की सूचना सामने आई है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।
1984 की घटनाओं का हवाला देकर दी धमकी
ई-मेल में खालिस्तान समर्थक नारे और ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र किया गया है। संदेश में 1984 के सिख-विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए बदला लेने की बात कही गई है। इसमें आरोप लगाया गया कि अमिताभ बच्चन के पैर छूने के कारण दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाया जाएगा। ई-मेल में 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में दिलजीत पर आत्मघाती हमला करने की धमकी भी दी गई है। पुलिस इस संदेश की सत्यता और इसके पीछे की मंशा की जांच कर रही है।
मेयर कार्यालय समेत कई कक्षों की जांच
धमकी की सूचना मिलने के बाद मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने बीएमसी मुख्यालय में जांच की। मेयर और डिप्टी मेयर कार्यालय सहित कई कक्षों की तलाशी ली गई। पुलिस और साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने तथा संदेश के तकनीकी स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं।
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद फिर सुरक्षा चिंता
मुंबई में कुछ दिन पहले अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना हुई थी। 18 अक्टूबर को जुहू क्षेत्र में उनकी कार पर पांच राउंड फायरिंग की गई थी। घटना के समय टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे। उन्हें गोली नहीं लगी, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी दी गई थी। इस प्रकरण में 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है। फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग की ओर से लिए जाने का दावा भी किया गया था।
स्कूलों में तलाशी, नहीं मिली संदिग्ध वस्तु
दादर के करीब चार स्कूलों को भी शुक्रवार सुबह धमकी भरे ई-मेल मिले। पुलिस ने सूचना मिलते ही स्कूल परिसरों की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। धमकी के कारण कुछ समय के लिए स्कूलों में चिंता बनी रही। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन संदेशों के पीछे कौन है और क्या इनका अन्य धमकियों से कोई संबंध है।