बांबे आवास में 19 वर्षीय शिवा पर धारदार हथियार से हमला; पिता ने 7-8 युवकों के शामिल होने की जताई आशंका, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग के बांबे आवास उरला में 19 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। गुरुवार शाम सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल के पास हुई इस वारदात से इलाके में आक्रोश है। मृतक की पहचान शिव बहादुर सिंह सोनी उर्फ शिवा के रूप में हुई है। मोहन नगर पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर लक्ष्मी नारायण सारथी उर्फ लक्ष्य घोड़ा (20) को गिरफ्तार किया है। इधर, मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनका बेटा इलाके में नशीली गोलियों और सिरप की बिक्री का विरोध करता था। उन्हें आशंका है कि इसी वजह से उसकी हत्या की गई। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
10 मिनट में लौटने का कहकर निकला, फिर आई हमले की खबर
मृतक के पिता अमरजीत सोनी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे शिवा नहाने और कपड़े बदलने के बाद घर से निकला था। उसने 10 मिनट में लौटने की बात कही थी। करीब 15 मिनट बाद भी वह नहीं आया तो पिता ने फोन किया। शिवा ने थोड़ी देर में आने की बात कही। इसके कुछ समय बाद मोहल्ले के बच्चे घर पहुंचे और उसके चाकू से घायल होने की जानकारी दी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पिता का आरोप- नशे की बिक्री रोकने की बात कहता था बेटा
अमरजीत सोनी का दावा है कि बांबे आवास क्षेत्र में पिछले चार से छह महीने से कुछ लोग नशीली गोलियां और सिरप बेच रहे थे। शिवा इसका विरोध करता था। पिता के अनुसार, उसने संबंधित लोगों को चेतावनी दी थी कि दोबारा ऐसी गतिविधि दिखने पर वह मोहल्ले के लोगों के साथ मोहन नगर थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत करेगा। पिता को संदेह है कि इसी विरोध के चलते उनके बेटे को निशाना बनाया गया। हालांकि, नशे की बिक्री और हत्या के बीच संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
7-8 युवकों के मौजूद रहने का दावा
मृतक के पिता ने वारदात में सात से आठ युवकों के शामिल होने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि घटना के समय कुछ युवकों के चेहरे ढंके हुए थे और शिवा के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। उन्होंने मांडा देवार, लक्ष्मी नारायण सारथी उर्फ लक्ष्य और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अन्य लोगों की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में
शिवा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। उसने 11वीं तक पढ़ाई करने के बाद स्कूल छोड़ दिया था। पिता के मुताबिक, शिवा का किसी से व्यक्तिगत विवाद नहीं था और वह लड़ाई-झगड़े से दूर रहता था। बेटे की मौत से परिवार सदमे में है। परिजन ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद पुलिस गश्त पर उठे सवाल
हत्या के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। स्थानीय निवासी तुषार सूर्यवंशी ने क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं और पुलिस की निगरानी को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि पिछले तीन से चार महीने से पुलिस चौकी में नियमित मौजूदगी और पेट्रोलिंग नजर नहीं आ रही है।
वहीं, प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि नशे की समस्या बांबे आवास तक सीमित नहीं है। नयापारा और गंजपारा सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में भी नशीले पदार्थों की उपलब्धता की शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने कम उम्र के बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इस मामले को लेकर शनिवार को धरना देने की बात भी कही।
हत्या का मामला दर्ज, अन्य पहलुओं की जांच जारी
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि मोहन नगर थाना क्षेत्र में विवाद के दौरान युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लक्ष्मी नारायण सारथी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।
मृतक के पिता ने साजिश और अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। एएसपी के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।