न्यूज पोर्टल के जरिए लोगों की छवि खराब कर वसूली करने की शिकायत पर बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई, रायपुर के अपार्टमेंट से पकड़ा गया आरोपी
बिलासपुर। फर्जी खबरें प्रकाशित कर लोगों को ब्लैकमेल करने और उनसे अवैध रूप से रकम वसूलने के आरोप में बिलासपुर पुलिस ने होटल कारोबारी दीपक टंडन (46) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक फोटो तैयार करने और उनके आधार पर भ्रामक खबरें प्रसारित करने का आरोप है। पुलिस ने उसे रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक न्यूज पोर्टल संचालित करता था। आरोप है कि वह लोगों की तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता और फिर पोर्टल व सोशल मीडिया पर खबरें प्रकाशित कर संबंधित लोगों पर दबाव बनाता था। इस तरीके से ब्लैकमेलिंग और रकम वसूली किए जाने की शिकायत मिली थी। आरोपी का नाम इससे पहले तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद के कारण भी चर्चा में आया था।
शिकायत के बाद बिलासपुर पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार, तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर को सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी तस्वीरों को AI तकनीक से एडिट कर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित की गईं। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया।
शिकायत की जांच के दौरान दीपक टंडन की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। तकनीकी जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन रायपुर में मिलने के बाद पुलिस टीम ने 6 नवंबर को रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल में मिले आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में इनमें कई आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब डिजिटल सामग्री की विस्तृत जांच कर रही है। मामले में अन्य नामजद लोगों की भूमिका, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी कल्पना वर्मा प्रकरण से भी जुड़ा रहा नाम
दीपक टंडन इससे पहले तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद के कारण सुर्खियों में आया था। कारोबारी ने आरोप लगाया था कि डीएसपी ने उसे प्रेम संबंध में उलझाकर शादी का भरोसा दिया और उससे करोड़ों रुपए, महंगी कार तथा कीमती आभूषण लिए। वहीं, डीएसपी कल्पना वर्मा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कारोबारी पर सोशल मीडिया से उनकी तस्वीरें लेकर फर्जी चैट तैयार करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कानूनी कार्रवाई की बात भी कही थी। फिलहाल पुलिस की ताजा कार्रवाई फर्जी खबरें प्रकाशित कर कथित ब्लैकमेलिंग के मामले में हुई है।