डाटा एंट्री ऑपरेटर के सर्वाधिक 609 पद, 167 कनिष्ठ अभियंताओं की भी होगी नियुक्ति; अभ्यर्थी 26 नवंबर रात 11:55 बजे तक कर सकेंगे आवेदन
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। प्रदेश की तीनों राज्य विद्युत कंपनियों में विभिन्न श्रेणियों के कुल 1501 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर शुरू हुई इस भर्ती के लिए 5 नवंबर को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे।
इस भर्ती अभियान के तहत द्वितीय श्रेणी के 195 तथा तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 1306 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। पदों के लिहाज से डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए सबसे अधिक 609 रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। वहीं कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के 167 पदों पर भी भर्ती होगी। इनमें विद्युत उत्पादन कंपनी के 11, पारेषण कंपनी के 32 और वितरण कंपनी के 124 पद शामिल हैं।
सहायक अभियंता के 152 पदों पर भी मौका
भर्ती प्रक्रिया में सहायक अभियंता के कुल 152 पद रखे गए हैं। इनमें मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी और सिविल इंजीनियरिंग शाखाओं के अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा फायर ऑफिसर, सुरक्षा अधिकारी, प्रोग्रामर, शिफ्ट केमिस्ट और कनिष्ठ अभियंता के अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
तकनीकी से लेकर चिकित्सा संवर्ग तक की रिक्तियां
तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों में अटेंडेंट प्लांट, फायर अटेंडेंट, स्टेनोग्राफर, सहायक प्रयोगशाला तकनीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और रेडियोग्राफर सहित विभिन्न पद शामिल हैं। इस तरह तकनीकी, प्रशासनिक और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े योग्य उम्मीदवारों को भी भर्ती में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
ऑनलाइन जमा करना होगा आवेदन शुल्क
अभ्यर्थियों को निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई के जरिए जमा किया जा सकेगा। विज्ञापन में दी गई शर्तों के अनुसार, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी ही पात्र होंगे। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले शैक्षणिक योग्यता, निर्धारित आयु सीमा, आरक्षण और अन्य आवश्यक पात्रता संबंधी जानकारी आधिकारिक विज्ञापन में जांचने की सलाह दी गई है।