लगातार 13वें साल सुरक्षा बलों के साथ पर्व मनाने पहुंचेंगे पीएम, पिछले साल आईएनएस विक्रांत पर नौसैनिकों के साथ मनाया था त्योहार
नई दिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल दीपावली का पर्व छत्तीसगढ़ के बस्तर में तैनात सुरक्षाबलों के जवानों के साथ मनाएंगे। जवानों के बीच दीपावली मनाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वे लगातार 13वीं बार सैनिकों के साथ त्योहार मनाने पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने इस दौरे की जानकारी साझा की है।
प्रधानमंत्री बनने के बाद से नरेंद्र मोदी हर साल दीपावली पर देश की सीमाओं और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तैनात जवानों के बीच पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाते रहे हैं। वर्ष 2014 से 2025 के बीच वे 12 बार जवानों के साथ दीपावली मना चुके हैं।
इस दौरान उन्होंने देश के विभिन्न सीमावर्ती और सैन्य महत्व वाले क्षेत्रों का दौरा किया। प्रधानमंत्री सबसे अधिक तीन बार जम्मू-कश्मीर पहुंचे, जबकि हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में दो-दो बार जवानों के साथ दीपावली का उत्सव मनाया। पिछले वर्ष उन्होंने गोवा में नौसेना के विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर नौसैनिकों के बीच दीपावली मनाई थी। इस बार बस्तर में उनका प्रस्तावित कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के लिए खास महत्व रखता है।