18 ट्रकों में पहुंची फूलों की खेप, 15 ट्रक गेंदा; कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए फूल, गुलाब 500 रुपए किलो तो सेवंती 800 रुपए तक
रायपुर। दीपावली की तैयारियों के बीच राजधानी का फूल बाजार भी पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है। घरों, आंगन, दरवाजों और पूजा स्थलों को फूलों से सजाने के लिए लोगों की भीड़ फूल चौक पहुंच रही है। इस बार त्योहार पर अच्छी मांग की उम्मीद में व्यापारियों ने बड़े पैमाने पर फूलों का इंतजाम किया है। फूल चौक में 18 ट्रकों के माध्यम से करीब 1500 क्विंटल फूल बिक्री के लिए पहुंचे हैं। इनमें सबसे अधिक 15 ट्रक गेंदे के फूल शामिल हैं।
गेंदा इस बार भी खरीदारों की पहली पसंद बना हुआ है। इसके बाद कमल के फूल की मांग है। अन्य किस्मों में गुलाब और सेवंती भी बाजार में उपलब्ध हैं। व्यापारियों के मुताबिक अधिकांश फूल कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए गए हैं, जबकि कमल की आपूर्ति छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से हो रही है। सुबह से देर शाम तक बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है।
गेंदे की मालाओं से सजा बाजार
फूल चौक की दुकानों पर पीले और लाल गेंदे की मालाओं के साथ खुले फूलों की भी खूब बिक्री हो रही है। विक्रेता प्रदीप चौहान के अनुसार इस बार कारोबार अच्छा रहने की संभावना को देखते हुए 15 ट्रक गेंदा मंगाया गया है। इसके अलावा तीन ट्रकों में सेवंती, गुलाब और दूसरी किस्मों के फूल पहुंचे हैं। घरों के मुख्य द्वार, आंगन और पूजा स्थलों को सजाने के लिए लोग खासतौर पर गेंदे की लड़ियां खरीद रहे हैं।
माला तैयार करने रातभर जुटे रहते हैं कारीगर
दीपावली के दौरान फूलों की मांग इतनी बढ़ जाती है कि दुकानदारों और कारीगरों को रातभर काम करना पड़ता है। फूल विक्रेता मूलचंद साहू बताते हैं कि दूसरे शहरों से फूल पहुंचने के बाद उनकी छंटाई, सफाई और अलग-अलग किस्मों में सजाने का काम किया जाता है। इसके साथ ही ग्राहकों की मांग के मुताबिक मालाएं और लड़ियां तैयार की जाती हैं। त्योहार के दौरान रातभर माला बनाने का सिलसिला चलता रहता है, ताकि सुबह से ही ग्राहकों को तैयार माल मिल सके।
गेंदे की लड़ी 40 से 50 रुपए, गुलाब 500 रुपए किलो
इस बार फूलों के दाम भी किस्म के अनुसार अलग-अलग हैं। पीले गेंदे की लड़ी 50 रुपए और लाल गेंदे की लड़ी 40 रुपए में बिक रही है। खुले गेंदे का भाव 150 रुपए किलो है। सजावट में इस्तेमाल होने वाला हरा पत्ता 60 रुपए में उपलब्ध है। सेवंती 600 से 800 रुपए किलो और गुलाब 500 रुपए किलो बिक रहा है। वहीं कमल का एक फूल 50 रुपए में मिल रहा है।
सजावट के साथ पूजा के लिए भी खरीदारी
बाजार में पहुंचे ग्राहक घर की सजावट के साथ धार्मिक अनुष्ठानों के लिए भी फूल खरीद रहे हैं। कई परिवारों ने गेंदे की मालाओं से घर सजाने की तैयारी की है। वहीं कमल, सेवंती और चमेली जैसे फूल पूजा के लिए खरीदे जा रहे हैं। खरीदारों का कहना है कि फूलों से घर सजाने पर दीपावली की रौनक और बढ़ जाती है। अलग-अलग देवी-देवताओं को अर्पित करने के लिए भी लोग अपनी पसंद के फूल चुन रहे हैं।