स्कूल-कॉलेज के युवाओं तक पहुंच रहा था चिट्टे का नेटवर्क, पुलिस ने 70.460 ग्राम हेरोइन समेत 39.95 लाख की संपत्ति जब्त की
भिलाई। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले हेरोइन (चिट्टा) के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खुर्सीपार क्षेत्र में सामने आए इस नेटवर्क की जांच के दौरान पुलिस ने 11 आरोपियों और दो अपचारी बालकों सहित कुल 13 लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन, नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और एक कार सहित करीब 39 लाख 95 हजार 800 रुपए की सामग्री जब्त की गई है।

खुर्सीपार क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया। इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, आरोपी हेरोइन की बिक्री के जरिए आर्थिक लाभ अर्जित करने में जुटे थे।
पुलिस को 19 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जोन क्रमांक-03 स्थित जीरो स्ट्रीट में एक मकान से हेरोइन की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर जसबीर कौर उर्फ सोनू को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 9 हजार 200 रुपए बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बिक्री से प्राप्त 2 लाख 35 हजार 100 रुपए नगद, 19 सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण एवं बर्तन, आठ मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया था। शुरुआती कार्रवाई में जब्त सामग्री की कीमत 29 लाख 22 हजार 300 रुपए आंकी गई।
मामले में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट एवं किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर क्रमशः गिरफ्तारियां कीं।
पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में 19 सितंबर को मुख्य आरोपी महिला सहित अन्य लोगों को पकड़ा गया था। इसके बाद 24 सितंबर और 6 अक्टूबर को भी गिरफ्तारियां हुईं। लगातार जांच और साक्ष्यों के आधार पर 24 नवंबर को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह अब तक 11 वयस्क और दो अपचारी बालकों सहित कुल 13 लोग पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
39.95 लाख की सामग्री जब्त
पुलिस ने पूरे प्रकरण में 70.460 ग्राम हेरोइन, 2 लाख 38 हजार 600 रुपए नगद, 19 सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण एवं बर्तन, 10 मोबाइल फोन, हुंडई आई-20 कार, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 39 लाख 95 हजार 800 रुपए बताई गई है।
कार्रवाई में खुर्सीपार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवंट सहित विवेचना अधिकारियों और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों और संगति पर नजर रखने की अपील की है। साथ ही नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस थाना या डायल 112 पर सूचना देने कहा है।