जिले में बनाए गए 15 केंद्र, सुबह 10 से दोपहर 12:15 बजे तक होगी परीक्षा; 9:30 बजे बंद हो जाएंगे केंद्रों के प्रवेश द्वार
छत्तीसगढ़ में व्याख्याता पदों पर भर्ती के लिए 29 नवंबर को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। बस्तर जिले में परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 15 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 3,771 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र और निर्धारित ड्रेस कोड के साथ समय से पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर। व्याख्याता भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पहचान सत्यापन के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच होगी। इसके बाद फ्रिस्किंग और प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र का मिलान किया जाएगा।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 से ढाई घंटे पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पहले सुबह 9:30 बजे सभी केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र जरूरी
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के सभी पृष्ठों का एकतरफा प्रिंट लेकर आना होगा। इसकी एक प्रति परीक्षा केंद्र में जमा कराई जाएगी। पहचान के लिए आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड में से कोई एक मूल फोटोयुक्त दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य है। प्रवेश पत्र में लगी तस्वीर स्पष्ट नहीं होने पर दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी लाने होंगे।
हल्के रंग के कपड़े पहनकर आने के निर्देश
परीक्षा के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना अनिवार्य रहेगा। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आने को कहा गया है। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़ों पर प्रतिबंध रहेगा।
बिना जेब वाले सामान्य स्वेटर पहनने की छूट रहेगी, लेकिन जांच के दौरान इन्हें उतारना होगा। बाली, झुमके और अन्य आभूषण पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। घड़ी, मोबाइल, पर्स, बेल्ट, मोजे, जूते, स्कार्फ, टोपी, चश्मा, पाउच और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। हाथ में बंधे धागे सहित संचार के अन्य साधन भी प्रतिबंधित सूची में शामिल हैं।
धार्मिक अथवा सांस्कृतिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच की प्रक्रिया से गुजरना होगा। ऐसे अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा।
इन 15 केंद्रों पर होगी परीक्षा
बस्तर जिले में परीक्षा के लिए 15 संस्थानों को केंद्र बनाया गया है। इनमें शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा-2 और झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज धरमपुरा-3 में 360-360 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। शासकीय दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय में 277 और महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक-1 तथा शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकंडरी स्कूल में 360-360 सीटें निर्धारित हैं।
इसके अलावा सेजेस कन्या हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक-2 राजेंद्र नगर में 300, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल धरमपुरा में 115, स्वामी विवेकानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल में 357, स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल रेलवे कॉलोनी में 240 और शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल आड़ावाल में 124 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था है।
इसी तरह भगत सिंह हायर सेकंडरी स्कूल सिविल लाइन पथरागुड़ा में 235, बाल विहार हायर सेकंडरी स्कूल में 179, निर्मल हायर सेकंडरी स्कूल लालबाग में 184, क्रांतिकारी ढेबरीधूर कॉलेज धरमपुरा में 180 और शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल आसना में 140 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे प्रवेश पत्र
अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ व्यापमं की वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in अथवा cgssb.cgstate.gov.in से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा के संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव समन्वयक और सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय सिंह ठाकुर सहायक समन्वयक की जिम्मेदारी संभालेंगे।
परीक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 और मोबाइल नंबर 8827920164 जारी किया गया है। अभ्यर्थी सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।