
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुबह से ही महाशिवरात्रि के पर्व पर मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। रायपुर के शिवालयों में भी महाशिवरात्रि का उत्साह देखते ही बन रहा है। भगवान की पूजा करने और जल चढ़ाने बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवजी के मंदिर पहुंच रहे हैं।
रायपुर के प्राचीन मंदिरों में से एक महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ महादेव का अर्धनारीश्वर स्वरूप में श्रृंगार किया गया है। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए पट सुबह 4 बजे से खोल दिए गए हैं। हर-हर महादेव का जयकारा लगाते हुए लोग भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। सुरेश्वर महादेव चौक पर 21 फीट ऊंचा त्रिशूल लगेगा। मंदिर के बाहर लंबी कतार लगी हुई है।
- कोंडांगांव के बंधा तालाब स्थित शिव मंदिर में सुबह से श्रद्धालु दर्शन करने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं के आने के इंतजार में रात से ही महिलाएं फूल, धतूरे, फल, नारियल, बेल पत्र लेकर मंदिरों के सामने बैठी हैं।
- शिव मंदिर के सामने छोटे-छोटे बच्चों ने भी पूजन सामग्री लगाई के साथ बीती रात से दुकानें लगाई। कंबल ओढ़ कर यह भक्तों का इंतजार करते रहे।
- बंधा तालाब शिवालय पर हर साल धूम धाम से पूजा की जाती है। रुद्राभिषेक के साथ ही हवन पूजन के बाद भंडारा किया जाता है, दूर-दूर से यहां भक्त दर्शन करने आते हैं।