दुर्ग। शनिवार को दुर्ग नगर निगम की नव निर्वाचित महापौर अल्का बाघमार और 60 पार्षदों ने शपथ ग्रहण किया। समारोह में कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने महापौर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिसके बाद सभी पार्षदों ने वार्ड क्रमांक अनुसार 10-10 के समूह में शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा के 40 पार्षदों की जीत के साथ महापौर अल्का बाघमार को प्रचंड बहुमत मिला है।



उनके पास नगर विकास का व्यापक अनुभव है और आने वाले समय में दुर्ग का विकास तेजी से होगा। महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि हर दिन शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल, पूर्व सांसद सरोज पाण्डेय, विधायक डोमन लाल कौर्सेवाड़ा, ललित चंद्राकर, गजेंद्र यादव, रिकेश सेन, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल और सुरेंद्र कौशिक सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। दुर्ग नगर निगम चुनाव में महापौर के साथ भाजपा के 40 पार्षद, कांग्रेस के 12 और 8 निर्दलीय पार्षदों ने भी शपथ ली, जिससे नगर निगम में भाजपा का स्पष्ट बहुमत स्थापित हुआ।