बिलासपुर में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस ने कड़े कदम उठाए हैं। अब बिना हेलमेट पहने बाइक सवारों को पेट्रोल नहीं मिलेगा। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सभी पेट्रोल पंप संचालकों को इस नियम का सख्ती से पालन करने को कहा गया है। इसके साथ ही, हेलमेट जागरूकता अभियान के तहत जरूरतमंद लोगों को हेलमेट भी वितरित किए जा रहे हैं।
बिलासपुर। बिलासपुर में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात नियमों को प्रभावी बनाने के लिए नया नियम लागू किया गया है। अब शहर के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पहने बाइक सवारों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में यह सख्त फैसला लिया गया है।
हेलमेट अनिवार्यता को लेकर पुलिस की पहल
शनिवार को पुलिस अधीक्षक ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों को हेलमेट वितरित किए और उन्हें इस नए नियम का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत ‘हेलमेट वितरण अभियान’ भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत जरूरतमंद लोगों को हेलमेट दिए जा रहे हैं।
यातायात नियमों का सख्ती से पालन
पुलिस ने साफ कर दिया है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करने वालों पर चालान भी काटा जाएगा। एसपी रजनेश सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे न केवल खुद हेलमेट पहनें बल्कि जरूरतमंदों को भी हेलमेट खरीदने में मदद करें। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना है। शहर में पुलिस लगातार अभियान चला रही है ताकि सभी नागरिक सुरक्षित यात्रा कर सकें।