रायपुर। आज छत्तीसगढ़ का वार्षिक बजट विधानसभा में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी दोपहर 12:30 बजे राज्य विधानसभा में इस बजट को पेश करेंगे, जो राज्य का 24वां बजट होगा। अनुमान है कि यह बजट करीब 1 लाख 60 हजार करोड़ रुपये का हो सकता है।
इससे पहले वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बयान दिया कि इस बजट का उद्देश्य पिछले बजट की दिशा को आगे बढ़ाना है। 2047 तक ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का निर्माण करना प्राथमिक लक्ष्य है, और इस बजट के माध्यम से नीतिगत सुधारों, आर्थिक सशक्तिकरण और राज्य के समग्र विकास के लिए मजबूत कदम उठाए जाएंगे।
कैबिनेट की बैठक से पहले लेंगे अहम फैसले
बजट से पहले राज्य सरकार की एक कैबिनेट बैठक होगी, जिसमें बजट के बारे में अंतिम मंजूरी ली जाएगी। यह बैठक बजट पेश किए जाने से कुछ समय पहले आयोजित की जाएगी। सभी मंत्रियों को इस बैठक में भाग लेने के लिए सूचित किया गया है।
शराब की कीमतों में कमी: बजट से पहले बड़ा फैसला
बजट से एक दिन पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने शराब की कीमतों में कमी करने का बड़ा निर्णय लिया। साय कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया कि अंग्रेजी शराब पर लगे 9.5% आबकारी शुल्क को समाप्त किया जाएगा। इसके चलते शराब की बोतलों की कीमत में 40 रुपये से लेकर 3,000 रुपये तक की कमी आएगी। इसके अलावा, कुछ अन्य विधेयकों को भी मंजूरी दी गई है, जो राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।