लाइक-कमेंट के बहाने भरोसा जीता, फिर टास्क देकर खाते से उड़ाए लाखों
भिलाई। डिजिटल मार्केटिंग की फर्जी जॉब ऑफर कर एक युवक से 1.69 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पहले छोटे-छोटे टास्क देकर पैसे भेजे, फिर बड़े टास्क के नाम पर लाखों रुपए ऐंठ लिए। मामले की शिकायत भिलाई नगर थाने में दर्ज की गई है और पुलिस जांच में जुटी है। भिलाई नगर टीआई प्रशांत मिश्रा ने बताया कि सेक्टर-5 निवासी आदित्य शिवम को दिसंबर 2024 में दिव्या शर्मा नामक महिला ने WhatsApp पर डिजिटल मार्केटिंग की जॉब का ऑफर दिया। उसे होटल और रेस्टोरेंट की गूगल रेटिंग बढ़ाने के लिए लाइक और कमेंट करने का काम सौंपा गया। शुरुआती टास्क पूरे करने पर 1,000 से 2,000 रुपए तक उसके अकाउंट में भेजे गए, जिससे उसका भरोसा जीत लिया गया।
इसके बाद टेलीग्राम के जरिए अंजली शर्मा और विहान कबीर नामक व्यक्तियों ने उससे बड़ा टास्क पूरा करने के लिए भुगतान करने को कहा। झांसे में आकर आदित्य ने अलग-अलग खातों में 1,69,700 रुपए ट्रांसफर कर दिए। जब उसने रकम वापस मांगी, तो ठगों ने कॉइन स्विच एप में पैसे जमा होने की बात कहकर 1.5 लाख और जमा करने का दबाव डाला। जब युवक को ठगी का एहसास हुआ, तो उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और फिर भिलाई नगर थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।