राजनांदगांव में तापमान 37.5 डिग्री पार, रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में भी सामान्य से ज्यादा गर्मी; रातों की ठंडक भी घटने लगी
छत्तीसगढ़ में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। दिन का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है और अगले दो दिनों में इसमें और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 13 मार्च तक दिन का पारा 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है। प्रदेश के कई जिलों में दिन के साथ-साथ रात की ठंडक भी कम होने लगी है, जिससे गर्मी का असर अब धीरे-धीरे महसूस होने लगा है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से गर्म होता जा रहा है। दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है और अगले दो दिनों में इसमें और बढ़ोतरी की संभावना है। सोमवार को सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री अंबिकापुर में रहा। राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है। यहां रविवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। सोमवार को पारा 37 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहेगा।
दुर्ग, बेमेतरा, बिलासपुर और गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही जिलों में भी तापमान औसत से अधिक रिकॉर्ड किया गया। बेमेतरा में पारा 36.8 डिग्री, दुर्ग में 36 डिग्री और बिलासपुर में 35 डिग्री पहुंच गया। वहीं, गौरेला में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा था। सरगुजा संभाग में भी दिन का तापमान बढ़ रहा है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में रात का तापमान अब भी सामान्य से कम बना हुआ है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री रहा, जबकि अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हवाओं का प्रभाव कम होने से गर्मी में बढ़ोतरी हो रही है। अब रात के तापमान में भी वृद्धि होने लगी है, जिससे ठंडी रातों का दौर धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है।