AK-47 से लैस दिनेश और ACM कैडर पत्नी ज्योति समेत 9 इनामी नक्सलियों ने किया सरेंडर, 100 से ज्यादा जवानों की हत्या में रहा शामिल
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल संगठन को करारा झटका लगा है। जिले के गंगालूर एरिया कमेटी के सचिव और 8 लाख के इनामी नक्सली दिनेश मोड़ियम ने अपनी पत्नी ज्योति ताती (5 लाख इनामी) के साथ हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। इनके साथ कुल 17 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिनमें 9 पर इनाम घोषित था।
आतंक का पर्याय रहे दिनेश का सरेंडर, सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता
बीजापुर के पेद्दाकोरमा निवासी दिनेश ने कम उम्र में नक्सल संगठन की ओर कदम बढ़ाया था। हथियारों की ट्रेनिंग, एंबुश, और IED प्लांटिंग में निपुणता के चलते उसे संगठन में गंगालूर एरिया कमेटी का सचिव और DVCM कैडर का पद मिला। क्षेत्र में उसकी गिनती सबसे खतरनाक रणनीतिकारों में होती थी।
दिनेश की अगुवाई में हुए हमलों में 100 से ज्यादा जवानों की शहादत हो चुकी है। वहीं, पुलिस और सुरक्षाबलों के लगातार दबाव, मुठभेड़ों के बढ़ते खतरे और पारिवारिक सुरक्षा की चिंता ने उसे आत्मसमर्पण के लिए मजबूर कर दिया।
AK-47 से प्यार शुरू, इंसानी जिंदगी की ओर वापसी
दिनेश की पत्नी ज्योति ताती, जो खुद भी ACM कैडर और 5 लाख की इनामी नक्सली रही है, नक्सली संगठन में ही दिनेश से मिली थी। दोनों ने संगठन में रहते हुए प्यार किया, विवाह किया और एक संतान को जन्म दिया। अब यह दंपती सामाजिक जीवन अपनाकर एक शांतिपूर्ण भविष्य की ओर बढ़ना चाहता है।
संगठन की हर रणनीति से वाकिफ, बड़े खुलासों की उम्मीद
दिनेश हिड़मा, देवा, दामोदर, विकास और सुजाता जैसे शीर्ष नक्सली नेताओं के साथ काम कर चुका है। संगठन की आंतरिक संरचना, मूवमेंट और रणनीति की गहन जानकारी उसके पास है। पूछताछ में कई बड़े राज खुलने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।
ये हैं आत्मसमर्पण करने वाले 9 इनामी नक्सली:
दिनेश ऊर्फ बदरू मोड़ियम – DVCM, ₹8 लाख इनामी
ज्योति ताती ऊर्फ कला मोड़ियम – ACM, ₹5 लाख इनामी
दुला कारम – ACM, ₹5 लाख इनामी
भीमा कारम – मिलिशिया प्लाटून A सेक्शन कमांडर, ₹1 लाख इनामी
शंकर लेकाम – जनताना सरकार अध्यक्ष, ₹1 लाख इनामी
सोमा कारम – DAKMS अध्यक्ष, ₹1 लाख इनामी
मंगू कड़ती – मिलिशिया प्लाटून कमांडर, ₹1 लाख इनामी
मोती कारम – KAMS अध्यक्ष, ₹1 लाख इनामी
अरविंद हेमला ऊर्फ आयतू हेमला – दक्षिण सब-जोनल ब्यूरो पार्टी सदस्य, ₹1 लाख इनामी