होली के उल्लास में किसी तरह की अराजकता न फैले, इसके लिए दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा मोर्चा संभाल लिया है। नशे में गाड़ी चलाने वालों और हुड़दंग मचाने वालों पर लगाम कसने के लिए हर चौराहे पर पुलिस की पैनी निगरानी रहेगी। ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी और उल्लंघन पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।
पूरे शहर में चेकिंग का चाक-चौबंद इंतजाम
दुर्ग पुलिस द्वारा होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु शहर में 21 फिक्स चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 4 पेट्रोलिंग टीमों को भी तैनात किया गया है, जो हर क्षेत्र में गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
पुलिस का मुख्य फोकस शराब पीकर वाहन चलाने, मोडिफाइड साइलेंसर, बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी, और लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन पर रहेगा। इन पर सख्त कार्रवाई करते हुए वाहनों की जब्ती की कार्यवाही भी की जाएगी।
अधिकारियों की कड़ी निगरानी में चल रही तैयारियां
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) सत्यानंद विध्यराज की निगरानी में चेकिंग अभियान को अंजाम दिया जाएगा। टीआई स्तर पर टीमों का गठन कर हर चेक प्वाइंट पर तैनाती सुनिश्चित की गई है।
लाइसेंस निलंबन और घर भेजा जाएगा चालान
होली के बाद 17 मार्च को उल्लंघन करने वालों के चालान उनके घर भेजे जाएंगे। वहीं, जो वाहन चालक शराब के नशे में गाड़ी चलाते पाए जाएंगे, उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए आरटीओ को पत्र भेजा जाएगा।