रायपुर, 15 मार्च 2025 – मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने गृह ग्राम बगिया में ग्रामीणों के साथ मिलकर हर्षोल्लास से होली का पर्व मनाया। उनके आगमन से गांव में उत्सव का माहौल बन गया, जहां बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी का आत्मीय स्वागत किया, गुलाल लगाया और सौहार्द्रपूर्ण माहौल में होली की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द्र और भाईचारे का प्रतीक है। यह त्योहार समाज में एकता और समरसता का संदेश देता है। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं पर चर्चा करते हुए सरकार की योजनाओं को उन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
होली के इस उल्लासमय अवसर पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के साथ पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया और लोकगीतों की प्रस्तुति के साथ उत्सव को यादगार बनाया। नितेश कच्छप और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत होली के लोकगीतों ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया।

इस कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, पत्रकार और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।