दुर्ग-बस्तर संभाग में बारिश की संभावना, रायपुर में बादल छाए रहेंगे, गर्मी से राहत
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग में अगले दो दिन तेज आंधी, बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रायपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा और बिलासपुर संभाग में शुक्रवार और शनिवार को तेज आंधी, गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। टर्फ लाइन (द्रोणिका) और वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से समुद्र से नमी आ रही है, जिससे मौसम में बदलाव हुआ है।
रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। हालांकि बादलों के कारण शुक्रवार को तापमान 36 डिग्री के आसपास रह सकता है। दुर्ग में गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा।
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा था। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 20.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे तक कई जिलों में बादल और हल्की बारिश बनी रह सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।