मुख्यमंत्री समेत 3 मंत्रियों के विभागों से जुड़े सवाल, राष्ट्रपति 24 मार्च को करेंगी विधानसभा का दौरा
छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज अंतिम चरण में पहुंच गया है। मुख्यमंत्री और दो मंत्रियों के विभागों से जुड़े अहम सवालों के साथ विपक्ष और सरकार के बीच तीखी बहस की संभावना है। वहीं 24 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा भी खास रहेगा।
रायपुर। विधानसभा के बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप के विभागों से जुड़े कई सवालों पर चर्चा होगी। विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है, जबकि सरकार योजनाओं और नीतियों का पक्ष रखेगी।
कर्मचारियों को रियायती दर पर जमीन आवंटन, राष्ट्रीय खेलों में प्रदर्शन, स्वामी आत्मानंद स्कूलों की व्यवस्थाएं, और पाठ्य-पुस्तकों को कबाड़ में बेचने जैसे मुद्दे सदन में उठेंगे। बीजेपी विधायक राजेश मूणत और धरमलाल कौशिक भी अपनी ही सरकार से जवाब मांगेंगे। साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, भूजल संकट और स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार जैसे मामलों पर भी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाए जाएंगे। आज कुल 75 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। सत्र के समापन के बाद 24 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगी। वे विधानसभा में विधायकों को संबोधित करेंगी और अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगी। प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।