हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद सड़कों पर मवेशी, 3 घायल, प्रशासन पर उठे सवाल
बिलासपुर के तखतपुर-मुंगेली रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पर बैठे मवेशियों को कुचल दिया। हादसे में 8 मवेशियों की मौत हो गई और 3 घायल हैं। हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद सड़कों से मवेशी हटाने की दिशा में प्रशासन की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है।
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र के पेंडारी गांव में तड़के एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर बैठे मवेशियों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में 8 मवेशियों की मौत हो गई और 3 घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन चालक की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तखतपुर, कोटा, मस्तूरी, चकरभाठा और सीपत मार्ग पर मवेशियों का जमावड़ा आम बात है। पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
हाईकोर्ट द्वारा सड़कों से मवेशियों को हटाने के निर्देश कई बार दिए गए हैं, लेकिन कुछ दिन की कार्रवाई के बाद व्यवस्था जस की तस हो जाती है। यही लापरवाही बार-बार जानवरों और आमजन दोनों के लिए खतरा बन रही है।