बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र की घटना, वीडियो वायरल; आरोपी जेठ और भतीजा गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पैतृक संपत्ति विवाद ने उग्र रूप ले लिया। एक महिला के साथ उसके जेठ और भतीजे ने मारपीट की, साड़ी खींची और लाठी-डंडों से हमला किया। विरोध करने पर आरोपी मकान के छप्पर पर चढ़कर तोड़फोड़ करने लगे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बिलासपुर, रतनपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। ग्राम डोंगी निवासी पीड़िता ने बताया कि वह अपने ससुराल के पैतृक घर में रह रही है। इसी को लेकर उसका जेठ रतिराम और भतीजा आनंद मरावी लंबे समय से विवाद कर रहे हैं।
18 मार्च की सुबह, रतिराम और आनंद महिला को मकान खाली करने की धमकी देते हुए वहां पहुंचे। विरोध करने पर रतिराम कुल्हाड़ी लेकर छप्पर पर चढ़ गया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब महिला उसे रोकने गई, तो डंडे से उसकी पिटाई की गई और साड़ी खींचकर अपमानित किया गया।

हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं, वहीं बीच-बचाव करने आईं उसकी बेटियों को भी चोट लगी। पीड़िता का पति घटना के समय घर पर नहीं था। इससे पहले भी महिला ने 12 मार्च को जेठ-जेठानी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें मारपीट और जान से मारने की धमकी की बात कही गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें आरोपी महिला पर हमला करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।