कोरबा के कटघोरा क्षेत्र में हादसा, निर्माण कार्य के दौरान 8 मजदूर दबे, 6 गंभीर रूप से घायल
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश एक बड़ा हादसा लेकर आई। कटघोरा थाना क्षेत्र स्थित न्यू वैष्णवी राइस मिल में निर्माणाधीन दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे 8 मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में 2 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 6 मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
कोरबा। जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत न्यू वैष्णवी राइस मिल में निर्माण कार्य के दौरान तेज आंधी और बारिश से बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन दीवार के अचानक गिरने से 8 मजदूर इसकी चपेट में आ गए, जिसमें 2 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पुरुष मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनपुर बरभांटा गांव स्थित इस राइस मिल में दीवार निर्माण का कार्य चल रहा था। दीवार की ऊंचाई लगभग 15 से 17 फीट बताई जा रही है। शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, और उसी दौरान दीवार भरभराकर गिर पड़ी।
रेस्क्यू टीम और डायल-112 की मदद से सभी घायलों को कटघोरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मिल के मालिक गोलू अग्रवाल हैं और यहां बड़ी संख्या में मजदूर कार्यरत रहते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है, और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दीवार की मजबूती और निर्माण कार्य में लापरवाही तो नहीं बरती गई थी। घटना ने सुरक्षा मानकों और मजदूरों की कार्य स्थितियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद मजदूरों के परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।