चिखली क्षेत्र की नारायण राइस मिल में सुबह लगी आग, दमकल की चार गाड़ियां राहत कार्य में जुटीं, शॉर्ट सर्किट की आशंका
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के चिखली क्षेत्र में स्थित नारायण राइस मिल में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। मिल में रखे लाखों रुपये के धान और बारदाने जलकर खाक हो गए। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं, जो लगातार आग बुझाने में लगी हुई हैं।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार सुबह करीब 7:30 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चिखली क्षेत्र की नारायण राइस मिल में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि राइस मिल के मजदूरों ने सबसे पहले धुआं उठते देखा, जिसके कुछ ही मिनटों बाद आग ने धान और बारदाने के ढेरों को अपनी चपेट में ले लिया।

मिल मालिक कैलाश रूंगटा को आग की सूचना दी गई। शुरुआती अंदाजा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग आग के सटीक कारण की जांच कर रहे हैं। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि पिछले दो घंटों की मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया है, लेकिन धान और बारदाने की धीमी सुलगन अब भी खतरा बनी हुई है। दमकल टीम हर बोर पर पानी डालकर यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई चिंगारी फिर से न भड़के।

आग बुझाने के कार्य में फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां लगातार प्रयासरत हैं। मौके पर दुर्ग पुलिस की टीम भी तैनात है, जिसने तुरंत मजदूरों और कर्मचारियों को मिल परिसर से बाहर निकालकर किसी संभावित जनहानि को टाल दिया। प्राथमिक जांच में अब तक लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि आग लगने की सही वजह को लेकर तकनीकी टीम द्वारा जांच और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।